जानें-पहलवान साक्षी मलिक, किरण व सीमा ने क्यों मांगी माफी, वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेल सकेगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल कैंप से बिना बताए गायब होने के कारण साक्षी मलिक, किरण गोदारा और सीमा पर वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने पर रोक लगाए जाने का खतरा टल गया है।
भारतीय कुश्ती संघ ने नेशनल कैंप से निष्कासित करने के साथ ही इन तीनों को वर्ल्ड चैंपियनशिप को लेकर नोटिस जारी किया था, उसका जवाब देते हुए तीनों ने संघ से रक्षाबंधन के कारण घर जाने की बात कही है तो इसके लिए किसी से अनुमति नहीं लेने पर माफी मांगी है। जिससे कुश्ती संघ ने तीनों को वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने के लिए हरी झंडी दी है।
लखनऊ में 16 जुलाई को सीनियर महिला पहलवानों का नेशनल कैंप शुरू हुआ था, जिसमें 36 महिला पहलवानों को शामिल किया गया था। यह कैंप 24 अगस्त तक चला और इस बीच ही 28 जुलाई को वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए छह भार वर्ग के ट्रायल करा दिए गए थे।
यह ट्रायल होने के बाद अधिकतर महिला पहलवान कैंप से बिना बताए गायब हो गई थीं तो विदेश में खेलने गई महिला पहलवान भी वापस लौटने के बाद कैंप में नहीं पहुंची थीं। इस कारण ही भारतीय कुश्ती संघ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अगस्त को 23 पहलवानों को नेशनल कैंप से निष्कासित कर दिया गया है।
इनमें से तीन पहलवान साक्षी मलिक, किरण गोदारा और सीमा का पहले ही ट्रायल होने के कारण वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन हो चुका था। इन तीनों के वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने को लेकर भी खतरा हो गया था, क्योंकि कुश्ती संघ ने तीनों को नोटिस जारी किया था और इनका जवाब सकारात्मक मिलने पर ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने जाने देने की बात कही थी।
इन तीनों ने कुश्ती संघ को जवाब दिया है कि वे रक्षा बंधन के कारण घर चली गई थीं। इसके साथ ही कोच और कुश्ती संघ को बिना बताए जाने को लेकर माफी भी मांगी है कि वे भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करेंगी। जिसके बाद तीनों को वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने के लिए अनुमति दे दी गई है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले कजाकिस्तान में लगेगा शिविर
पहलवानों के लिए वर्ल्ड चैंपियनशिप ही ओलंपिक खेलने का सपना पूरा कर सकती है, क्योंकि वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहलवानों को ओलंपिक कोटा मिलेगा। इसके लिए ही कजाकिस्तान में भले 14 सितंबर से वर्ल्ड चैंपियनशिप शुरू हो रही हो, लेकिन वहां उससे पहले पहलवान कैंप करेंगे।
इसके लिए ही पहलवान यहां से 29 अगस्त को रवाना होंगे। जिससे वहां वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले अन्य देशों के पहलवानों के साथ कैंप में प्रैक्टिस कर सकें। इसका काफी फायदा वर्ल्ड चैंपियनशिप में मिलेगा और उससे ओलंपिक का टिकट पक्का हो सकता है।
माफी मांगने पर दी है वर्ल्ड चैंपियनशिप की अनुमति
इस समय ओलंपिक का सफर शुरू हो गया है, लेकिन पहलवान गंभीर नहीं दिख रहे थे। इस कारण ही पहलवानों को कैंप से निष्कासित किया गया था और साक्षी, किरण व सीमा को नोटिस जारी किया गया था। तीनों ने नोटिस का जवाब दिया है और रक्षाबंधन के कारण घर जाने की बात कही है। वहीं बिना बताए जाने पर माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही है, जिस पर उनको वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने की अनुमति दी गई है। विनोद तोमर, जनरल सेक्रेटरी भारतीय कुश्ती संघ