गोहाना। जनता शिक्षण संस्थानों के निर्माण के लिए जमीन दान करने वाले दिवंगत जयराम सांगवान के परिवार ने शिक्षण संस्थानों को विश्वविद्यालय बनाने की मांग की है। इसके लिए सरकार से आग्रह किया गया है। परिवार ने यह इच्छा रविवार को संस्थानों के परिसर में हुई पंचायत में जाहिर की। पंचायत में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि 60 साल से ज्यादा उम्र के कर्मचारियों को तुरंत सेवानिवृत्त कर उनकी जगह नए युवाओं को भर्ती किया जाए।
पंचायत का आयोजन गांव बुटाना और जयराम सांगवान के परिवार की तरफ से किया गया। पंचायत में जयराम सांगवान के परिवार के दीपू सांगवान, जनता विद्या भवन कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र सांगवान विशेष तौर पर शामिल रहे। यहां डॉ. रविंद्र सांगवान ने पंचायत को जनता संस्थानों की वर्तमान स्थितियों से अवगत करवाया। इसके बाद दिवंगत जयराम सांगवान के परिवार ने कहा कि वह इन संस्थानों को यूनिवर्सिटी बनवाने के हक में है, ताकि पूरे इलाके में शिक्षा के उत्थान का मार्ग प्रशस्त हो सके। दीपू सांगवान ने कहा कि उनके परिवार ने ही इन संस्थानों के लिए जमीन दान में दी थी और अब परिवार जमीन को राज्य सरकार के सुपुर्द करना चाहता है ताकि इन संस्थानों को सरकार यूनिवर्सिटी बना सके। इस दौरान करतार सिंह, बीरा, रामकिशन, रामकुमार, रणबीर राजेंद्र, रामफल, सुखबीर, रणबीर, किताब सिंह, हरिचंद आदि मौजूद रहे।