गांव सिसाना स्थित दूध और दूध से बनने वाले उत्पादों की फैक्टरी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने अन्य विभागों के साथ मिलकर मंगलवार की सुबह छापा मारा। टीम ने इस दौरान बारीकी से जांच की। खाद्य सुरक्षा विभाग की लैब में फैक्टरी से लिए गए दूध के सैंपलों की जांच की गई। जांच में दूध के सभी सैंपल सही मिले। जबकि घी व पनीर के सैंपल जांच करने के लिए लैब में भिजवाए गए हैं। जिनकी रिपोर्ट आने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार तड़के शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की एक टीम सिसाना गांव में स्थित एक फैक्टरी में जांच करने के लिए पहुंची। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में एसआई रामनिवास, एएसआई सहदेव, एएसआई मुकेश, एएसआई प्रदीप व एचसी सतनारायण की टीम मौके पर पहुंची। जबकि इस दौरान असिस्टेंट लेबर कमिश्नर रिंकू रेहडू, एफएसओ विरेंद्र कुमार, प्रदूषण विभाग से एसडीओ रवींद्र यादव, एसडीओ बिजली निगम नीरज यादव भी मौजूद रहे। सभी विभागों की तरफ से इस दौरान अपनी जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सौंप दी। टीम की तरफ से इस दौरान मौके पर ही लेकर आई गई जांच लैब में फैक्टरी से लिए गए दूध के सैंपलों की जांच की, जो सही पाए गए। जबकि घी व पनीर के सैंपल लेकर टीम ने उन्हें जांच के लिए मधुबन लैब में भेज दिया। जिसकी रिपोर्ट बाद में आएगी। वहीं बिजली निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जांच के बाद फैक्टरी को अपनी क्लीन चिट दी गई है।