{"_id":"6671a893cff9a106e606d47e","slug":"sonipat-stampede-due-to-rumor-of-fire-in-sachkhand-express-two-youths-died-after-jumping-from-moving-train-2024-06-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"अफवाह ने ली जान: सचखंड एक्सप्रेस में आग की बात से भगदड़, चलती ट्रेन से कूदे दो युवकों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अफवाह ने ली जान: सचखंड एक्सप्रेस में आग की बात से भगदड़, चलती ट्रेन से कूदे दो युवकों की मौत
Tue, 18 Jun 2024 09:02 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 18 Jun 2024 09:02 PM IST
सार
सोनीपत स्थित हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात हादसा हुआ। मरने वाले एक युवक की पहचान हुई है। जीआरपी दूसरे की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
सोनीपत के नागरिक अस्पताल में मयंक का शव लेने पहुंचे परिजन।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में सचखंड एक्सप्रेस में आग की अफवाह से मची भगदड़ में दो युवक चलती ट्रेन से कूद गए। इससे दोनों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे के बाद यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और हादसे की सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मरने वालों में एक युवक की पहचान कैथल के पुंडरी निवासी मयंक के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
जीआरपी में जांच अधिकारी अजय पंडित ने बताया कि कैथल के पुंडरी का रहने वाला मयंक (20) सचखंड एक्सप्रेस से औरंगाबाद से करनाल जा रहा था। सोमवार की रात करीब 11 बजे ट्रेन जब हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो रेलवे लाइन के किनारे खेतों के पास आग जल रही थी। इस बीच किसी ने ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैला दी।
विज्ञापन
इससे बोगी में भगदड़ मच गई। आग की अफवाह सुनकर मयंक और 35 वर्षीय एक अन्य युवक अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूद गए। हवा के प्रेशर के कारण दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। युवकों को चलती ट्रेन से कूदता देख यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद हादसे की सूचना जीआरपी को दी गई। शवों को हटाने के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना की गई।
विज्ञापन
जागरण पार्टी में काम करता था मयंक
सोनीपत नागरिक अस्पताल शव लेने पहुंचे परिजनों ने बताया कि मयंक अविवाहित था। वह जागरण पार्टी में गाने बजाने का काम करता था। वह किसी काम के सिलसिले में औरंगाबाद गया था। वहां से सोमवार की रात वापस लौटते समय आग की अफवाह के कारण यह हादसा हो गया।
रेलवे लाइन के पास लगी आग से बोगी में भरा गया था धुआं
बताया जा रहा है कि हरसाना के पास खेत के पास आग लगी थी। रेलवे लाइन के पास आग लगने के कारण इसका धुआं अंदर बोगी में भर गया था। इस बीच किसी ने धुआं देख ट्रेन में आग लगने का शोर मचा दिया। आग की अफवाह फैलते ही बोगी में हड़कंप मच गया। इसी बीच दोनों युवक अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूद गए।
हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे खेत के पास आग लगी हुई थी, जिसका धुआं बोगी में भर गया था। इस बीच किसी ने सचखंड एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैला दी। इससे दो युवक चलती ट्रेन से कूद गए और ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई है। एक युवक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मयंक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। -महाबीर सिंह, प्रभारी, जीआरपी थाना, सोनीपत