Sonipat: चप्पल बेच रहे फेरी वाले पर हमला कर मोबाइल व नकदी छीनी, चार नकाबपोशाें ने की वारदात, एक को पहचाना
चार नकाबपोश युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। एक को पीड़ित ने पहचान लिया है। मारपीट के साथ ही गले पर नुकीले हथियार से हमला किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत के रोई क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर मुरथल के पास चप्पल बेच रहे फेरी वाले पर हमला कर चार नकाबपोश बदमाशों ने मोबाइल व 700 रुपये लूट लिये। हमलावरों ने उनके गले पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी के चेहरे से कपड़ा हट गया तो फेरी वाले ने उसे पहचान लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोट मोहल्ला की गली नंबर-12 निवासी सुरेश कुमार ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह फेरी लगाकर हाईवे के ढाबों के सामने चप्पल बेचते हैं। वह रात को करीब 11 बजे ढाबे के पास चप्पल बेचने को जा रहे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश युवक उनके पास आए। उन्होंने आते ही उसे पीटना शुरू कर दिया।
इसी दौरान एक युवक ने उनके गले पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। उसके बाद युवकों ने उनका मोबाइल व 700 रुपये की नकदी लूट ली। इसी बीच एक युवक के चेहरे से कपड़ा हट गया। उन्होंने उसे पहचान लिया। उन्होंने कहा कि वह गांव कुराड़ का रहने वाला सुरेंद्र बाबा था।
सुरेंद्र बाबा ने अपने तीन साथियों संग मिलकर उनके साथ वारदात को अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देकर चारों मौके से भाग गए। पीड़ित ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगा रही है।
फेरी वाले ने हमला कर नकदी व मोबाइल लूटने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को नामजद किया है। उनका जल्द पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल