{"_id":"6728e37697dbde00f90a8ca4","slug":"sonipat-aluminum-was-being-extracted-by-melting-medicine-wrappers-eight-furnaces-demolished-2024-11-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonipat: दवाओं के रेपर पिघलाकर निकाला जा रहा था एल्युमीनियम, आठ भट्ठियां कीं ध्वस्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonipat: दवाओं के रेपर पिघलाकर निकाला जा रहा था एल्युमीनियम, आठ भट्ठियां कीं ध्वस्त
Mon, 04 Nov 2024 08:38 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, खरखौदा, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, खरखौदा, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 04 Nov 2024 08:38 PM IST
सार
गांव फिरोजपुर बांगर के पास किराये पर जमीन लेकर आठ फैक्टरियां चलाई जा रही थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता की ओर से कार्रवाई की गई है। सहायक पर्यावरण अभियंता बोले कि जल्द कारण बताओ नोटिस जारी कर फैक्टरियां हटाई जाएंगी।
विज्ञापन
की गई कार्रवाई।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सोमवार दोपहर बाद गांव फिरोजपुर बांगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में छापा डाला। टीम ने यहां ऐसी आठ फैक्टरियां पकड़ी, जिनमें भट्ठियों के अंदर दवाओं के रेपर पिघलाकर उनसे एल्युमिनियम निकाला जा रहा था। सहायक पर्यावरण अभियंता की टीम ने भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। अब टीम जल्द कारण बताओ नोटिस जारी कर यहां से फैक्टरियों को हटाएगी। खरखौदा के तहसीलदार को पत्र लिखकर जमीनों का रिकॉर्ड मांगा जाएगा।
विज्ञापन
सहायक पर्यावरण अभियंता कुशाग्र कादयान सोमवार को टीम के साथ फिरोजपुर बांगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचे। टीम की तरफ से जांच की गई तो आठ फैक्टरियों में दवाओं के रेपर पिघलाकर उनसे एल्युमिनियम निकाला जा रहा था। बाद में एल्युमिनियम धातु के स्क्रैप को पिघलाकर उनके स्लैब बनाने का काम किया जा रहा था।
विज्ञापन
वर्तमान में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ा हुआ है। ऐसे में इस तरह की गतिविधि से प्रदूषण का स्तर ज्यादा बढ़ जाता है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण की तरफ से इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, जिसके चलते प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सोमवार को कार्रवाई की।
विज्ञापन
इस दौरान टीम ने फैक्टरियों में चल रही भट्ठियों को तत्काल प्रभाव से ध्वस्त करा दिया। जांच के दौरान कोई भी संचालक अपनी फैक्टरी चलाने के लिए लाइसेंस नहीं दिखा सका। पता चला कि किसानों की जमीन किराये पर लेकर इन फैक्टरियों को चलाया जा रहा है।
नोटिस देकर मांगा जाएगा जवाब
सहायक पर्यावरण अभियंता कुशाग्र कादियान का कहना कि अब इन सभी को नोटिस दिया जाएगा और जवाब मांगा जाएगा। जवाब के बाद इन इकाइयों पर नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा, साथ ही जमीन किराए पर लेकर चलाई जा रही इस तरह की फैक्टरियों को हटाया जाएगा। इसके लिए खरखौदा के तहसीलदार को पत्र लिखकर जमीनों की रिकॉर्ड मांगा जाएगा।
पर्यावरणविद ने की थी शिकायत
पर्यावरणविद वरुण गुलाटी ने बताया कि फिरोजपुर बांगर के पास अवैध रूप से स्क्रैप जलाया जा रहा है। इसकी शिकायत अधिकारियों को दी गई थी। उन्होंने बताया था कि इससे वायु प्रदूषण रोकथाम और नियंत्रण अधिनियम की अवहेलना होती है। यह वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली और एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन है। इसकी फोटो भी अधिकारियों को दी गई थी, जिस पर कार्रवाई की गई है।
अब दिनदहाड़े नियमों की उड़ाई जा रहीं धज्जियां
पहले स्क्रैप जलाने का काम रात के अंधेरे में चोरी छिपे होता था। अब दिनदहाड़े नियमों को तोड़ा जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को धता बताकर नियमों की अवहेलना की जा रही है, जिससे वायु प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है।
टीम को रेपर पिघलाने और एल्युमिनियम के स्लैब बनाने की जानकारी मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। आठ भटि्ठयों को ध्वस्त कर दिया गया है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - प्रदीप सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड