Commonwealth Games: सात बार के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट सुधीर लाठ राष्ट्रमंडल में लठ गाड़ने को तैयार
पैरा पावर लिफ्टर सुधीर राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रोजाना पांच घंटे पसीना बहा रहे हैं। 4 अगस्त को पदक के लिए बर्मिंघम में भार उठाएंगे। सुधीर ने चने व बादाम खा देशी ताकत बनाई।
विस्तार
राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे पैरा पावरलिफ्टर सुधीर लाठ पदक जीतने को लेकर आश्वस्त हैं। लगातार सात बार के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट सुधीर से देशवासियों को राष्ट्रमंडल में भी सोना जीतने की ही उम्मीद है। दो बार के स्ट्रांगमैन ऑफ इंडिया का खिताब अपने नाम कर चुके सुधीर भी लोगों की उम्मीद पर खरा उतरने के लिए वह दिल्ली में रोजाना पांच घंटे जमकर पसीना बहा रहे हैं।
हरियाणा के सोनीपत के गांव लाठ में किसान परिवार में जन्मे सुधीर लाठ बचपन से ही प्रतिभावान रहे हैं। पांच वर्ष की आयु में पैर में परेशानी के चलते वह दिव्यांग हो गए। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वर्ष 2013 में शरीर को फिट रखने के लिए उन्होंने पावर लिफ्टिंग शुरू की थी। उसके बाद बेहतर अभ्यास के चलते इसे जीवन का हिस्सा बना लिया।
पैरा खिलाड़ी वीरेंद्र धनखड़ से प्रेरित होकर पैरा पावर लिफ्टिंग शुरू की थी। महज दो वर्ष की मेहनत से ही वह नेशनल तक पहुंचे और नेशनल में सोना जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। वहां से शुरू हुआ नेशनल में सोना जीतने का उनका सफर लगातार सात साल से जारी है।
इसके साथ ही वह वर्ष 2021 और 2022 में स्ट्रांग मैन ऑफ इंडिया का खिताब जीतकर देशवासियों को रोमांचित कर चुके हैं। इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों में सुधीर हैवीवेट वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके लिए वह दिल्ली में रहकर सुबह तीन घंटे और शाम को दो घंटे पसीना बहा रहे हैं। 85 किलो भार वर्ग के सुधीर 250 किलो की बेंच प्रेस लगा रहे हैं।
सुधीर कहते हैं कि उन्होंने सदैव देशी खानपान को तरजीह दी है। वह आज भी रोजाना पांच किलो दूध के साथ ही चने व बादाम खाते हैं। जिससे उनका शरीर पूरी तरह नेचुरल है। वह अन्य खिलाड़ियों को भी स्टेरॉयड का प्रयोग नहीं करने की सलाह देते हैं। वह अभी से पेरिस पैरा ओलंपिक की तैयारियों में जुटे हैं।
सुधीर लाठ की उपलब्धियां
- लगातार सात साल से राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता।
- दो बार स्ट्रांग मैन ऑफ इंडिया का खिताब जीता।
- वर्ष 2019 में पैरा एशियन गेम्स में कांस्य पदक।
- वर्ष 2021 में दक्षिण कोरिया में एशिया-ओसियाना ओपन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।