{"_id":"6748d290a2bf7be73a0acb07","slug":"saint-felicitation-ceremony-on-2nd-december-in-sonipat-saints-from-all-over-the-country-will-gather-sonipat-news-c-197-1-snp1003-128417-2024-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonipat News: संत सम्मान समारोह 2 दिसंबर को सोनीपत में, जुटेंगे देशभर संत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonipat News: संत सम्मान समारोह 2 दिसंबर को सोनीपत में, जुटेंगे देशभर संत
Fri, 29 Nov 2024 01:59 AM IST
रोहतक ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
Updated Fri, 29 Nov 2024 01:59 AM IST
विज्ञापन
सोनीपत। मुरथल स्थित श्रीराम कृष्ण साधना केंद्र के संचालक स्वामी दयानंद सरस्वती ने कहा कि पांडव नगरी सोनीपत स्थित सेक्टर-12 में 2 दिसंबर को देशभर के प्रसिद्ध संत पहुंचेंगे। शशिकांत इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित संत सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक स्थान पर देशभर के महान संतों का मिलन होगा। इससे सोनीपत नगरी त्रिवेणी धाम जैसे संगम में तब्दील हो जाएगी। वह सेक्टर-12 में वीरवार को भाजपा नेता शशिकांत कौशिक के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोनीपत में होने वाले समारोह में अयोध्या के हनुमानगढ़ी से धर्म सम्राट गुरुदेव ज्ञानदास महाराज, हरिद्वार से आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज भी पहुंचेंगे। गुरुदेव ज्ञानदास महाराज पहली बार सोनीपत पहुंच रहे हैं। समारोह धर्म की रक्षा प्रचार-प्रसार और संस्कृति व संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर से नामचीन संत शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। स्वामी दयानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के संभल में हुई घटना पर कहा कि यह सरकार को बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की मानसिकता सरकार को बदनाम करने की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को खराब करने की कोशिश की गई है, यह सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर की स्थापना से युवाओं में नई चेतना का संचालन हुआ है। उन्होंने कहा कि संत सदैव समाज हित का काम करते हैं। संत किसी राजनीतिक दल के नहीं होते। हरिद्वार से पहुंचे महामंडलेश्वर ललित नंद गिरी महाराज ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की निंदा की। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की रक्षा के लिए आंदोलन व प्रदर्शन किए जा रहे हैं। समाज के लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। संत समाज के आंदोलन की वजह से सरकार भी सख्त निर्णय ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कड़े कदम उठा रही है। अरुण दास ने पाखंडवादी संतों का विरोध करते हुए कहा कि हरिद्वार व अन्य धार्मिक जगहों पर कुछ पाखंडवादी संत घूम रहे हैं। अखिल भारतीय संत समिति की ओर से पाखंडवादी संतों की पहचान करके उन्हें सलाखों के पीछे भिजवाया जा रहा है। भारत धर्म निरपेक्ष देश है। संत सभी धर्मों के लोगाें का सम्मान करते हैं।
विज्ञापन