गोहाना । महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है। ऐसे में सरकार ने हर माह 40.17 करोड़ रुपये से 22 लाख महिलाओं को नि:शुल्क सेनेटरी पैड मुहैया करवाने का निर्णय लिया है। साथ ही गर्भवती को पौष्टिक आहार देने के साथ छह दिन दूध भी उपलब्ध करवाया जाएगा। यह दूध पांच अलग-अलग फ्लेवर में उपलब्ध होगा। मंत्री कमलेश ढांडा मंगलवार को गांव ईशापुर खेड़ी व मदीना में ग्रामीणों से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
मंत्री कमलेश ढांडा ने ग्रामीणों से मुलाकात करते हुए कहा कि वह मलिकों की बेटी हैं और अपने गांवों में अपने परिवार के लोगों से मुलाकात करने के लिए आई हैं। ईशापुर खेड़ी के ग्रामीणों ने पानी निकासी, बैंक व खेल स्टेडियम की मांग रखी। वहीं मदीना में स्टेडियम तक सड़क व गली निर्माण, बैकवर्ड चौपाल बनवाने सहित कई मांगें रखी। इस दौरान साहिब सिंह, सन्नी, राजसिंह, परमजीत, रणधीर, प्रेम, तारा चंद, बिजेंद्र मलिक, बनवारी, राजपाल, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।