{"_id":"db4e7fc39965b82f464dedc526659988","slug":"hockey-deputy-accused-of-blackmail-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हॉकी उपनिदेशक करते हैं लड़कियों का शोषण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हॉकी उपनिदेशक करते हैं लड़कियों का शोषण
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत
Updated Fri, 28 Nov 2014 01:38 AM IST
विज्ञापन
भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं पूर्व कोच प्रीतम सिवाच ने प्रदेश हॉकी के उपनिदेशक बलदेव सिंह पर लड़कियों का शोषण करने और खेल में राजनीति करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रीतम ने कहा कि बलदेव सिंह ने आज तक कुछ भी ऐसा नहीं किया, जिससे हॉकी जगत को उन पर नाज हो।
2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच रहीं प्रीतम ने बताया कि बलदेव सिंह एक्सटेंशन बढ़वाने की कोशिश कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि वे हॉकी खेलने आई लड़कियाें के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने ज्यादातर लड़कियों और उनके परिजनों को अपने तानाशाही व्यवहार से परेशान किया है।
विज्ञापन
इन्होंने हरियाणा के किसी भी कोच को काम नहीं करने दिया, क्योंकि खेल विभाग ने इन्हें उपनिदेशक हॉकी बना दिया।
लड़कियों के साथ करते थे मारपीट
मूल रूप से शाहबाद की रहने वाली और नेशनल में खेल चुकी एक महिला खिलाड़ी ने भी बलदेव सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिलहाल प्रीतम सिवाच के पास खेल रही इस खिलाड़ी ने बताया कि बलदेव सिंह लड़कियों के साथ मारपीट करते हैं और गाली-गलौच भी करते हैं।
शाम तक लड़कियों को बैठाए रखते हैं। इतना ही नहीं किसी भी समय घर पर बुला लेते हैं और खाना बनवाते हैं। ग्राउंड में लड़कियां को ही नहीं बल्कि उनके मां-बाप को भी बलदेव की जी-हजूरी करनी पड़ती है।
विज्ञापन
महिला खिलाड़ी ने बलदेव पर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया। उसने बताया कि उसने आज तक जितनी भी गेम खेली है, किसी का भी सर्टिफिकेट उसे नहीं दिया गया।
खेल मंत्री से करेंगी मुलाकात
प्रीतम सिवाच ने कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में खेल मंत्री अनिल विज से मुलाकात करेंगी। उनसे मांग की जाएगी कि ऐसे अधिकारी की सेवा बढ़ोतरी नहीं की जाए। इससे पहले भी प्रीतम और बलदेव में टकराव दिख चुका है, लेकिन उन्होंने पहली बार इस तरह खुलकर हाकी उपनिदेशक पर हमला बोला है।
जो भी आरोप प्रीतम या उसके साथ खिलाड़ी लगा रहे हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं। मैंने हरियाणा से 52 खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह दिलवाई है। हॉकी की सेवा करना मेरा लक्ष्य है, कुछ लोग बेवजह परेशान हैं और मुझे भी परेशान करना चाहते हैं।
बलदेव सिंह, हॉकी उपनिदेशक।