बेटी की शादी से इनकार पर मां की हत्या: करंट लगने का रचा नाटक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ चौंकाने वाला खुलासा
आरोपी ने बताया कि 2 अक्तूबर की रात को उसने और मृतका की बेटी ने मिलकर रामेश्वरी की हत्या की थी। हत्या के बाद, उन्होंने घटना को हादसा दिखाने के लिए महिला के हाथ में बिजली का तार लगा दिया था।
विस्तार
सेक्टर-15 में बेटी की शादी से इन्कार किए जाने के बाद रामेश्वरी की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे करंट से मौत का मामला बता दिया गया। संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा घटनाक्रम बदल गया। पहले मौत करंट लगने से होने की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला और मुंह दबाने से दम घुटना सामने आया। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि मृतका की इकलौती बेटी जानवी और उसके दोस्त विशाल ने मिलकर हत्या की साजिश रची। बेटी के प्रेमी ने हत्या के बाद वारदात को हादसा दिखाने के लिए महिला के हाथ पर बिजली का करंट लगाया था।
हवलदार संदीप ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि के जानकारी मिली कि रामेश्वरी अपनी बेटी जानवी और उसके दोस्त विशाल के साथ सेक्टर-15 स्थित मकान नंबर 3381 में किराये पर रह रही थी। 3 अक्तूबर को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर से पुलिस को सूचना मिली कि रामेश्वरी की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां जानवी, विशाल समेत अन्य लोग मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक जानवी बार-बार अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रही थी। बाद में समझाने पर वह केवल बाएं हाथ का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुई। हालांकि समय अधिक होने के कारण उस दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका और शव को शवगृह के फ्रीजर में रखवा दिया गया।
पोस्टमार्टम में खुला हत्या का राज
4 अक्तूबर को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध बताया। बाद में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण मुंह और हाथ से गला दबाए जाने के कारण दम घुटना बताया गया। रासायनिक जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला संदिग्ध होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच तेज कर दी।
कमरे से खून से सनी चादर और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया। टीम की मौजूदगी में कमरे से खून से सनी डबल बेड की चादर और काले रंग का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों समेत अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया।
पूछताछ में विशाल ने बताई वारदात की कहानी
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जानवी के दोस्त विशाल से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विशाल ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक विशाल ने बताया कि उसके और जानवी के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों रामेश्वरी के साथ किराये के मकान में रहते थे। रामेश्वरी कथित तौर पर दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
सोते समय मुंह और गला दबाने का आरोप
पुलिस के अनुसार विशाल ने पूछताछ में बताया कि 3 अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामेश्वरी कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर महिला का मुंह दबाया और हाथों से उसका गला दबा दिया। महिला की मौत होने के बाद हत्या को हादसे का रूप देने की योजना पर अमल किया गया।
मौत के बाद हाथ पर लगाया करंट
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद विशाल ने एक्सटेंशन बोर्ड के तार में कट लगाकर रामेश्वरी के बाएं हाथ पर बिजली का करंट लगाया, ताकि उसकी मौत बिजली का झटका लगने से हुई प्रतीत हो। इसके बाद पुलिस को करंट लगने से मौत की सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी युवती महिला की इकलौती बेटी है। ऐसे में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।