गांव लिवासपुर स्थित पॉलिथीन व गार्बेज स्टोरेज कंपनी में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने से कंपनी में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना के बाद सोनीपत, राई, कुंडली व गन्नौर से भी दमकल गाड़ियां बुलवाई गई। करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कंपनी में पॉलिथीन से प्लास्टिक दाना बनाया जाता है।
बहालगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में जमींदार नाम से वेस्ट पॉलिथीन व गार्बेज स्टोरेज कंपनी है। कंपनी के गोदाम में बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना फैक्टरी मालिक व दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन पॉलिथीन में आग लगने के कारण आग बढ़ती ही चली गई। इसके बाद गन्नौर, सोनीपत सेक्टर-23 व कुंडली से भी दमकल गाड़ियां मंगवाई गई, जिनकी मदद से सुबह करीब 10 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। फायरकर्मी संदीप ने बताया कि उन्हें रात को एक बजकर 30 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तुरंत दमकल की सहायता से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी गई थी। आग से हुए नुकसान की जानकारी जांच के बाद लग सकेगी।