{"_id":"622625c53a41f124391bb078","slug":"crowd-at-the-pumps-due-to-the-possibility-of-increase-in-the-prices-of-petrol-and-diesel-in-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा: पांच राज्यों में पूर्ण हुआ मतदान, पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लगी भीड़, दाम बढ़ने की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा: पांच राज्यों में पूर्ण हुआ मतदान, पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लगी भीड़, दाम बढ़ने की आशंका
Mon, 07 Mar 2022 09:03 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 07 Mar 2022 09:03 PM IST
सार
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते गोहाना में किसान पेट्रोल पंपों पर काफी संख्या में ट्रैक्टर व ड्रम लेकर डीजल भरवाने पहुंचे। वहीं कई लोग भी इस आशंका के चलते बाइक की टंकी पूरी भरवाते नजर आए।
विज्ञापन
शहर के एक पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टरों व ड्रम में डीजल भरवाने पहुंचे किसान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के गोहाना शहर में कई दिन से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की चर्चा चल रही है। सोमवार को इसकी अफवाह फैल गई। इस बीच शहर के पेट्रोल पंपों पर किसानों की भीड़ लग गई। काफी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर व ड्रम लेकर डीजल भरवाने के लिए पहुंचे। ऐसे में उन्हें पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए इंतजार भी करना पड़ा।
विज्ञापन
रूस और यूक्रेन के बीच कई दिन से चल रहे युद्ध के चलते और यूपी समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की वोटिंग पूर्ण होने के बाद अब लोगों को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इसी बीच सोमवार को शहर के पेट्रोल पंपों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइनें लग गईं। काफी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ ही ट्रॉलियों में ड्रम लेकर उनमें तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए।
विज्ञापन
दिनभर पंपों पर डीजल के साथ ही पेट्रोल भरवाने के लिए वाहनों चालकों की भीड़ लगी रही। उनका कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि जल्द ही तेल के दाम में बढ़ोतरी होने वाली है। इसी को लेकर वह वाहनों व ड्रम में तेल डलवाने पहुंचे हैं।
विज्ञापन
बता दें कि रूस और यूक्रेन के युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लोगों को आशंका है कि अब पांच राज्यों में चुनाव संपन्न हो गए है तो पेट्रोल-डीजल के दामों में लगा ब्रेक हट सकता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े दामों का असर भारत में भी हो सकता है।
दुकानों पर किसानों को नहीं मिल रहे ड्रम
रबी की फसलों में सिंचाई के लिए किसानों को अधिकतर डीजल की आवश्यकता होती है। ऐसे में अब डीजल के दाम बढ़ने की अफवाह फैल रही है तो इसके लिए किसान पंप पर पहुंचकर डीजल भरवा रहे हैं। इसको लेकर वह दुकानों पर ड्रम लेने भी पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नए ड्रम नहीं मिल रहे हैं। उनका कहना है कि पुरानी अनाज मंडी में भी ड्रम की किल्लत है। ऐसे में किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पेट्रोल पंप पर इन दिनों पेट्रोल के साथ ही डीजल भरवाने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। लोगों को आशंका है कि आगामी दिनों में तेल के दाम में बढ़ोतरी होगी। लोगों की मांग के अनुसार, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति मंगवाई जा रही है। - डॉ. कपूर सिंह नरवाल, पेट्रोल पंप संचालक