पेपर सॉल्वर गैंग: डाकिया समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की अपनी लैब के साथ अन्य में साझेदारी
रोहतक के गांव आसन के सुशील, सोनीपत के मुंडलाना निवासी सतीश और अमित की गिरफ्तारी हुई है। एसटीएफ ने तीनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी अमित वर्ष 2016 से डाक विभाग में नौकरी कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में पेपर सॉल्वर गैंग के तीन आरोपियों को एसटीएफ सोनीपत ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी रोहतक के गांव आसन का सुशील उर्फ छोटा, सोनीपत के मुंडलाना के सतीश कुमार और अमित कुमार हैं। अमित कुमार गोहाना डाकघर में डाकिया है। एसटीएफ तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। इनमें से सुशील और सतीश की अपनी लैब होने के साथ अन्य लैब में भी साझेदारी है।
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश देशवाल ने बताया कि पानीपत में दर्ज मामले में टीम ने सुशील, सतीश और अमित को गिरफ्तार किया है। तीनों को 6 अक्तूबर, 2021 को पानीपत के सेक्टर-13/17 थाना में पानीपत के सुरक्षा शाखा प्रभारी प्रमोद के बयान पर दर्ज मुकदमे में पकड़ा गया है। पेपर लीक को लेकर दर्ज किए गए मुकदमे में जांच के दौरान करीब 14 पेपर सॉल्व करने का मामला सामने आया था।
इस मामले के आरोपी हैकिंग सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से पैसे लेते हैं। यह गिरोह वर्ष 2013 से काम कर रहा है। इस गिरोह का सरगना दिल्ली पुलिस के सिपाही रोबिन के साथ ही रूस के हैकर के साथ मिलकर पूरी लैब हैक कराने के आरोपी पलवल के गांव अतरचटा के राज सिंह उर्फ राज तेवतिया को भी काबू किया जा चुका है। मामले में अब तक 29 गिरफ्तारी हो चुकी है।
जिसमें पेपर सॉल्वर गैंग के साथ मिलकर नौकरी पाने वाले पांच आरोपी भी शामिल हैं। एसटीएफ की जांच में सामने आया था कि आरोपी कोचिंग सेंटर संचालकों से मिलकर अभ्यर्थियों का पता लगाते थे। परीक्षा पास कराने के नाम पर उनसे सौदा करते थे। नौकरी और वेतन के अनुसार तीन लाख से 15 लाख रुपये में सौदा किया जाता था।
एसटीएफ ने मामले में अब सुशील, सतीश और अमित को गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ में सामने आया है कि अमित डाक विभाग में डाकिया के पद पर कार्यरत है। वह गोहाना में नियुक्त है। वहीं दो अन्य की अपनी लैब है और 22 अन्य लैब में इनकी हिस्सेदारी है। आरोपी सुशील अक्सर महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में रहता था। तीनों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पेपर सॉल्वर गैंग के गिरफ्तार आरोपी सुशील व सतीश की अपनी लैब है। वह करीब 22 लैब में भी साझेदार हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। -इंस्पेक्टर सतीश देशवाल, प्रभारी, एसटीएफ सोनीपत।