सोनीपत: नकदी संग्रह कंपनी के कारिंदों पर हमला कर दिनदहाड़े 20 लाख रुपये लूटे, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सेक्टर-12 बाईपास पर सांई मंदिर के पास घटना हुई। बाइक सवार दो कारिंदों पर डंडों से हमला किया गया। नीचे गिरे तो बदमाश बैग लेकर भागे गए। घटना एक दुकान पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में सेक्टर-12 बाईपास पर सांई मंदिर के पास नकदी संग्रह (कलेक्शन) कंपनी के दो कारिंदों पर हमला कर बदमाश दिनदहाड़े 20 लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए। वारदात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया। लूटपाट की घटना वहां दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में दिखाई दे रही है। पुलिस ने कंपनी कारिंदे के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव मुकीमपुर निवासी शशि कुमार और नवीन कुमार ब्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी हैं। यह कंपनी कारोबारियों से रुपयों का संग्रह कर करती हैं और बैंक में उनके खातों में जमा करवाती है। सोमवार दोपहर को दोनों कारिंदे अलग-अलग स्थानों से रुपये लेकर बैंक में जमा कराने जा रहे थे। उन्होंने सेक्टर-12 बाईपास पर सांई मंदिर के निकट वसुंधरा गार्डन के सामने एक डिलिवरी कंपनी से भी तीन लाख रुपये लिए थे।
वह रुपये लेकर बाइक से थोड़ी दूर ही चले थे कि दोपहर 12:13 बजे सड़क पर खड़े एक युवक ने हाथ का इशारा कर उनकी बाइक को रुकवा लिया। बाइक साइड में करते ही एक बदमाश भागता हुआ आया और डंडे से बाइक सवार कारिंदों पर हमला कर दिया। इससे वह दोनों सड़क पर गिर गए। इसी बीच सड़क के पार से एक अन्य बदमाश डंडा लेकर आया।
उन्होंने युवकों को पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद एक युवक जान बचाकर भाग गया। उसके बाद हमलावरों का तीसरा साथी नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। उसके बाद दोनों अन्य भी भाग लिए। बदमाशों ने महज 19 सेकेंड में पूरी वारदात को अंजाम दिया। तीनों बदमाश वसुंधरा गार्डन की तरफ कुछ दूर खड़ी बाइक पर सवार होकर साईं पुरम की ओर फरार हो गए।
कंपनी के कारिंदे ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। शशि कुमार ने बताया कि बैग में करीब 20 लाख रुपये थे। सरेआम लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी हिमांशु गर्ग, सदर थाना प्रभारी आईपीएस दीप्ति गर्ग, डीएसपी वीरेंद्र राव, डीएसपी मयंक, सीआईए-1 प्रभारी बिजेंद्र सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी सवित कुमार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों के बारे में पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
नकदी संग्रह कंपनी के कारिंदों से लूटपाट की वारदात हुई है। बैग में करीब 20 लाख की राशि बताई जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए टीमों ने प्रयास शुरू कर दिया है। - आईपीएस दीप्ति गर्ग, प्रभारी सदर थाना सोनीपत