रिश्तों का कत्ल: सिलबट्टे से सिर में वार कर पति ने की पत्नी की हत्या, मरने से पहले भाई को बताई पूरी बात
प्याऊ मनियारी में किराये पर रहने वाले यूपी के जिला हरदोई निवासी व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया। पत्नी पर हमला कर आरोपी फरार हो गया। महिला का भाई ड्यूटी से कमरे पर लौटा तो बहन ने हमले की जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र के प्याऊ मनियारी स्थित किराये के कमरे में रह रहे व्यक्ति ने पत्नी के सिर में सिलबट्टा से वार कर घायल कर दिया। महिला का भाई कमरे पर पहुंचा तो उसने मामले की जानकारी दी। वह अपनी बहन को नरेला के अस्पताल में लेकर गया तो, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर उसके बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला के दो बेटे हैं और वे ननिहाल गए हुए हैं।
यूपी के जिला हरदोई के गांव ततौली निवासी प्रिंस कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह कुंडली औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी में काम करता है और प्याऊ मनियारी में किराये के मकान में रहता है। उसके साथ ही उसकी बहन मीनू सिंह (29) भी अपने पति हरदोई जिला के गांव माझिया जफरपुर के रहने वाले दीपू सिंह के साथ रहती थी। उसकी बहन के दो बेटे हैं। उसकी दीपू सिंह से करीब 13 साल पहले शादी हुई थी। दीपू सिंह कुंडली क्षेत्र की ब्रिटानिया कंपनी में नौकरी करता है।
गोलू सिंह ने बताया कि वह रात को आठ से सुबह आठ बजे तक ड्यूटी करता है। वह शनिवार रात को ड्यूटी पर गया था। लेकिन रविवार को जल्दी सुबह पांच बजे वापस आ गया। उसने कमरे पर आकर देखा तो उसकी बहन मीनू सिंह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उसने अपनी बहन को उठाकर पूछा तो उसने कहा कि तेरे जीजा दीपू सिंह ने उसके सिर में सिलबट्टे से चोट मारी है।
इतना कहते ही वह बेहोश हो गई। वह अपनी बहन को लेकर दिल्ली के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को एलएनजेपी अस्पताल दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने गोलू सिंह के बयान पर दीपू सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घरेलू विवाद में हत्या किए जाने का अंदेशा
अंदेशा है कि घरेलू विवाद में दीपू सिंह ने अपनी पत्नी मीनू सिंह के सिर पर सिलबट्टे से वार कर उसकी हत्या की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। उसे गिरफ्तार करने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता लग सकेगा।
दो बेटों के सिर से उठा मां का साया
दीपू सिंह के साथ मीनू सिंह की शादी करीब 13 वर्ष पहले हुई थी। उससे मीनू सिंह को 11 व 7 साल के दो बेटे हैं। दोनों बेटे फिलहाल ननिहाल गए हुए हैं। मीनू सिंह की हत्या होने से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया सदा के लिए उठ गया है। वहीं पिता पर आरोप होने के चलते वह भाग गया है।
महिला की सिर में सिलबट्टा मारकर हत्या करने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता लग सकेगा। -इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी कुंडली।