गांव लाठ के एक व्यक्ति को खाते से कटे 575 रुपये के बारे में कस्टमर केयर नंबर पर जानकारी लेना महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने उसे बैंक का कर्मचारी बता पहले एप डाउनलोड कराया और फिर उसके खाते से दो बार में 1 लाख 24000 रुपये निकाल लिए। इसको लेकर ग्रामीण ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव लाठ निवासी विक्रम ने पुलिस को बताया कि उसका खाता गांव बीधल स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा में है। उसके खाते में 1 लाख 24297 रुपये थे। विक्रम के अनुसार उसके खाते से 575 रुपये कट गए थे। इसको लेकर उसने 19 नवंबर, 2021 को गूगल पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च करने के बाद संबंधित कर्मचारी से रुपये कटने की जानकारी ली। इस पर कर्मचारी ने उसे कहा कि आपके पास कुछ देर में फोन आएगा, जो उससे रुपये कटने के बारे में जानकारी लेकर समाधान कर देगा। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे उसके पास फोन आया। फोन पर बात करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताया और उसे क्विक स्पोर्ट एप डाउनलोड करने के लिए कहा। उसने एप डाउनलोड किया तो आरोपी ने उससे एप पर लिखा हुआ नंबर पूछा। इसके बाद उसके खाते से दो बार में एक लाख 24 हजार रुपये कट गए। तब उसे ठगी का पता लगा। उसने इसे लेकर पुलिस को अवगत कराया। इस बारे में सदर थाना गोहाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विवेक मलिक ने कहा कि गांव लाठ निवासी युवक ने उसके खाते से 1.24 लाख रुपये कटने की शिकायत दी है। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।