होमगार्ड जवान को 500 मी घसीटकर ले गए बाइक सवार, सड़क पर फेंका, वीडियो हुआ वायरल
शहर के महाराणा प्रताप चौक पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के जवान को बाइक सवार तीन युवकों ने फिल्मी स्टाइल में पकड़ लिया और सड़क पर करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। बाद में सिविल लाइन थाने के पास अचानक कार के आने पर उसे सड़क पर फेंक दिया।
इस बीच पूरे मामले का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक दिन बाद होमगार्ड जवान के बयान दर्जकर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। सरकारी सीसीटीवी खराब मिलने के कारण पुलिस को आरोपियों का पता लगाने में दिक्कत आ रही है।
महाराणा प्रताप चौक के पास सोमवार को पुलिस की एक टीम वाहनों की जांच कर रही थी। टीम में एसआई बिजेंद्र सिंह, सिपाही अनिल कुमार और होमगार्ड जवान विजेंद्र सिंह व जयदीप खोखर थे। सुबह करीब 11 बजे सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरने लगे तो होमगार्ड जवान जयदीप ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
जयदीप ने बताया कि बाइक सवारों ने रफ्तार धीमी कर ली लेकिन इसी दौरान उनके बीच एक कार आ गई। जब उसने आगे बढ़कर बाइक सवारों को पकड़ने का प्रयास किया, बाइक पर बैठे दो युवकों ने उसका हाथ व गर्दन पकड़ ली और बाइक को सेक्टर-14-15 के डिवाइडर रोड पर भगा लिया। इससे वह बाइक के साथ घसीटता चला गया।
इसी बीच पीछे से आ रहे एक कार सवार ने इसका वीडियो बना लिया। जयदीप के अनुसार युवकों ने उसे गालियां दीं। जब वह सिविल लाइन थाना चौक के पास पहुंचा तो बाइक सवार युवकों ने उसे वहीं छोड़ दिया।
इस दौरान वह स्कूटी और एक कार की चपेट में आते-आते बचा। इस दौरान किसी ने टीम के अन्य कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की राइडर टीम भी पीछे-पीछे चौक पर पहुंच गई।
उन्होंने इधर-उधर के क्षेत्रों में बाइक सवारों की तलाश भी की लेकिन वह नहीं मिले। घायल जवान को पहले सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जवान के कंधे, पीठ और घुटने में चोट आई हैं। मामले में सामने आया कि अपने ही साथी कर्मी के साथ हुए हादसे के बावजूद पुलिस ने इसमें कार्रवाई करने में आनाकानी की। बाद में जब इस मामले को आला अधिकारियों तक पहुंचाने की बात सामने आई तो पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया और इलाज दिलाने के बाद उसे घर पहुंचाया।
कार्रवाई से मना करने लगी पुलिस
बताते हैं कि जब ट्रैफिक पुलिस ने हादसे के बारे में पुलिस को सूचना दी तो वहां मदद की बजाए उन्हें यह कहा गया कि इस तरह के हादसे रोज होते हैं, वह किस-किस का मेडिकल कराएंगे। इसके बाद ट्रैफिक कर्मी ने डीएसपी को इसकी जानकारी देने की बात कही तो चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का मेडिकल कराया। इसमें सिविल लाइन थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
सरकारी सीसीटीवी थे बंद
जिस स्थान पर घटना हुई है वह शहर का मुख्य चौराहा है। यहां करीब दस सीसीटीवी लगे हैं। लेकिन इनमें से एक भी सीसीटीवी काम नहीं करता है। इतना ही नहीं महाराणा प्रताप चौक से अग्रसेन चौक के बीच करीब दो किलोमीटर की सड़क पर बीस कैमरे हैं लेकिन इनमें से एक भी सीसीटीवी चालू नहीं मिला, ताकि युवकों की पहचान हो सके।
सीसीटीवी खराब होने की जानकारी विभाग को दी
डीएसपी मुख्यालय जितेंद्र कुमार का कहना है कि होम गार्ड जवान को घसीटते हुए ले जाने का मामला सामने आया था। इसमें कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र के सीसीटीवी पहले से ही खराब हैं और इस बारे में हमने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा हुआ है।
होमगार्ड जवान ने मांगी मदद
घायल होमगार्ड जवान जयदीप खोखर का कहना है कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वह ड्यूटी के दौरान हुआ। वह पुलिस के साथ मिलकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के लिए तैनात था। वह उनको रोकना चाहता था लेकिन उन्होंने उसे गले और हाथ से पकड़ा और घसीट कर ले गए। जयदीप ने मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि कोई हादसा होने पर होमगार्ड जवानों को कुछ मदद नहीं मिलती। उन्होंने सरकार से इस बारे में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा है कि अगर वह मौत का शिकार हो जाता, तो उनके परिवार का क्या होता।
होमगार्ड विभाग कराएगा इलाज
इस संबंध में होमगार्ड के जिला कमांडेंट बिजेंद्र कुमार का कहना है कि यह हादसा बेहद दुखद है। होमगार्ड जवान ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे हैं। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाना पुलिस की जिम्मेदारी है, वह अधिकारियों से बात करेंगे। साथ ही घायल कर्मी का इलाज विभाग के खर्च पर कराया जाएगा।
होमगार्ड के जवान को बाइक सवार युवकों द्वारा घसीटने का वीडियो वायरल हुआ है। होमगार्ड जवान की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने के साथ ही इसकी जांच डीएसपी मुख्यालय को सौंपी गई है। इस मामले में बाइक सवार युवकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस की ओर से लापरवाही बरतने की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -जश्नदीप सिंह, एसएसपी सोनीपत।