गांव धतूरी के पास एक सोमवार दोपहर को फैक्टरी के कैशियर व सुपरवाइजर की बाइक को टक्कर मारकर बदमाश पिस्तौल दिखाकर साढ़े चार लाख की नकदी लूट ले गए। कर्मी भिगान स्थित एचडीएफसी बैंक से रुपये निकलवाकर धतूरी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्टरी में कर्मियों का भुगतान करने आ रहे थे। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यूपी के जिला प्रयागराज के गांव रसार निवासी अरुण तिवारी ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह वह धतूरी स्थित जयशाल सल्फर कंपनी में कैशियर है। वह अपने दो साथियों प्रवीण तिवारी और विकास शुक्ला के साथ बैंक से कर्मियों के वेतन के लिए रुपये निकलवाने गए थे। वह भिगान के एचडीएफसी बैंक से साढ़े चार लाख रुपये लेकर आ रहे थे। प्रवीण तिवारी व विकास शुक्ला की बाइक आगे चल रही थी और अरुण तिवारी की उनके पीछे थी। सोमवार दोपहर में जब वह धतूरी रोड पर पहुंचे तो एक बाइक पर दो युवक आए और उनके सुपरवाइजर प्रवीण की बाइक में टक्कर मार दी। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर उनके साथी और आ गए। उन चारों युवकों ने कैशियर व सुपरवाइजर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने कनपटी पर पिस्तौल अड़ा दी। गोली मारने की धमकी देकर वे बैग छीनकर भाग गए। बैग में साढ़े चार लाख रुपये, चार एटीएम कार्ड, एडवांस सैलरी रजिस्टर और कागजात थे। उसके बाद प्रवीण का बैग छीन लिया। उसमें ढाई हजार रुपये और बैंक के कागजात थे। चारों युवक धमकी देकर मुरथल की ओर भाग गए। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।