कोरोना संक्रमण के मामले लगातार मिल रहे हैं। हालांकि ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा है। शुक्रवार को मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल राई के सात विद्यार्थियों समेत 12 संक्रमित मिले हैं। कोरोना से 20 मरीज ठीक होने के साथ सक्रिय केस की संख्या घटकर 79 रह गई। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 1.37 फीसदी रही।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल राई में 14 साल के दो बच्चे, 15 वर्ष का एक बच्चा, 12 वर्ष के तीन बच्चे व 13 वर्ष का एक बच्चा कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा सेक्टर-12 मे 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को जिले में 1051 टेस्ट किए गए। इसमें 867 आरटीसीआर और 184 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट शुक्रवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 874 रिपोर्ट भी शुक्रवार को प्राप्त की गई है। इसमें से 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इस टेस्ट की संक्रमण दर 1.37 फीसदी रही। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खासी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।