सिरसा। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंधित नीति आयोग के सदस्यों ने रिकॉर्ड की जांच की। आयोग के सदस्यों ने रिकॉर्ड को पोर्टल पर भी अपलोड किया।
बुधवार को नीति आयोग के सदस्य डॉ. इसान चावला नागरिक अस्पताल में रिकॉर्ड जांचने पहुंचे। इसमें जांचा गया कि पिछले सालों में अस्पताल की ओर से क्या-क्या किया गया और नई प्लानिंग बारे भेजे रिकॉर्ड की फिजिकल वेरिफिकेशन की गई। संबंधित फाइलें मंगवा कर रिकॉर्ड ऑनलाइन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया गया। दोपहर तक नागरिक अस्पताल में नीति आयोग के सदस्य रिकॉर्ड जांचते रहे। अस्पताल में ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. पंकज अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल प्रशासन आयोग को हर महीने की रिपोर्ट भेजता है। इसमें अस्पताल में क्या सुविधाएं हैं, कितनी सामान्य और कितनों की सीजेरियन डिलीवरी हुईं, गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाएं, ओपीडी का रिकॉर्ड शामिल होता है। आयोग टीम ने प्रत्येक डॉक्टर की ओपीडी, लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर के संबंध में भी जानकारी का रिकॉर्ड मैच किया। उन्होंने कहा कि आमजन को अस्पताल में बेहतर सुविधाएं मिल सके, इसके लिए केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कदम उठा रही है।