सिरसा में बोले गुरनाम चढ़ूनी: राज हठ की राह पर चल रहे मोदी... राज भी गंवाएंगे और परिवार भी
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि बीते नौ माह से दिल्ली की सड़कों पर बैठे किसान मरने से नहीं डरते, वह केवल कमेटी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। नहीं तो अब तक किसान कब की दिल्ली पर फतेह हासिल कर चुके होते। इसका उदाहरण पहले भी बॉर्डरों पर देख चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिरसा अनाज मंडी में आयोजित किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा महासम्मेलन में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि राज हठ की राह पर चलने के कारण रावण और दुर्योधन ने अपना राज गंवा लिया था और परिवार भी। प्रधानमंत्री मोदी भी इसी राह पर चल रहे हैं। मोदी राज हठ के चलते अपना राज भी गंवाएंगे और परिवार भी। अभी समय है मोदी कृषि कानून वापस ले लें, नहीं तो किसानों को मजबूरन दिल्ली के बजाय उनके घर पर धरना देना पड़ेगा। किसान अभी मांग कर रहा है जब छीनने पर आया तो उसका नुकसान सरकार को होगा।
चढ़ूनी सिरसा अनाज मंडी में आयोजित किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों ने शिरकत की। दिनभर किसान एकता जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाएं भी किसान एकता के झंडे ले पहुंचती नजर आईं।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि बीते नौ माह से दिल्ली की सड़कों पर बैठे किसान मरने से नहीं डरते, वह केवल कमेटी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। नहीं तो अब तक किसान कब की दिल्ली पर फतेह हासिल कर चुके होते। इसका उदाहरण पहले भी बॉर्डरों पर देख चुके हैं। किसानों के घरों के ही जवान बॉर्डरों पर तैनात हैं। वहां पर कॉरपोरेट घराने का बेटा तैनात नहीं है। महासम्मेलन के दौरान 27 सितंबर को भारत बंद का एलान भी किया गया। भारत बंद में सभी व्यापारी, दुकानदार और आम लोग अपना काम बंद रखेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि अभी तो सरकार ने लाठीचार्ज का ऑर्डर दिया था, अगर वही ऑर्डर किसानों ने दे दिया तो हालात ठीक नहीं होंगे।
मिशन पंजाब चला छीनी जाएगी सत्ता
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि अब मिशन पंजाब चलाया जाएगा। पंजाब के चुनावों में वह नहीं बल्कि पंजाब का किसान ही लड़ेगा। सभी किसानों को एक साथ एकत्र किया जाएगा और राजनीतिक दलों से सत्ता छीनी जाएगी और कभी भी सत्ता राजनीति चोरों के हाथ में नहीं आने दी जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे सभी नेता चोर हैं। किसानों की जितनी वोट है, उससे कम वोटों से ही पंजाब में सरकार बनी है। जबकि दुकानदार और व्यापारी भी किसानों के समर्थन में है। मिशन पंजाब चलाकर पंजाब से भी राजनीति दलों को हटाया जाएगा। इससे पहले यूपी में भी यह अभियान चलाया जा रहा है।
महासम्मेलन में गुरनाम सिंह चढ़ूनी, जोगेंद्र सिंह उगराहां, डॉ. दर्शनपाल, कांता आलडिया, सुमन हुडा, विरेंद्र हुडा, सुरजीत सिंह फूल, अतुल अंजान, बलकरण बराड़, जरनैल रतिया, सिकंदर रोड़ी, हरविंद्र थिंद, आत्मजीत, कलाकार दिलप्रीत ढिल्लो, जपराज, सुखा, एक्टर करतार चीमा, रुपिंद्र हांडा, मनदीप मावी भी उपस्थित हुए और किसानों को एकता बनाए रखने का नारा दिया। कार्यक्रम को लेकर शहर के चारों तरफ पुलिस की ओर से किसानों के लिए रूट को डायवर्ट किया गया।
राजनीतिक गुंडों का अड्डा बन गया है सिरसा : अतुल कुमार
वहीं स्वामीनाथन आयोग में किसानों के एकमात्र प्रतिनिधि रहे और अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार ने कहा कि चौटाला परिवार और कांडा बंधुओं के कारण सिरसा कथित तौर पर आचरण विहीन गुंडों का अड्डा हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के वोट लेकर और उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पाकर अरबों रुपये कमाने वाले दुष्यंत चौटाला यहां नहीं घूम सकते और रात को भेष बदलकर अपने घर आते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का खेल कांडा और चौटाला परिवार ने कर रखा है, वैसा ही खेल दिल्ली में मोदी ने किया हुआ है।
किसानों ने लगाया पिज्जा का लंगर
महासम्मेलन के दौरान किसानों ने पिज्जा, फ्रूट और लंगर की सेवा भी लगाई। इस दौरान किसान लंगर ग्रहण भी करते हुए नजर आए। दिनभर पिज्जा के स्टाल के समक्ष बच्चों और युवाओं की कतार लगी रही।