हरियाणा में मिली दुर्लभ छिपकली, देश में अभी तक सिर्फ तीन जगह देखी गई
कभी विलुप्त मानी जाने वाली 'डिजर्ट लिजर्ड' यानि रेगिस्तान की छिपकली हरियाणा के सिरसा व डबवाली में मिल रही है। पूरे भारत में ही अब तक केवल तीन राज्यों में इस जीव को देखा गया है। जिनमें हरियाणा, राजस्थान व उत्तराखंड शामिल हैं।
सिरसा जिला के डबवाली क्षेत्र में इस छिपकली को इस वर्ष 15 सितंबर को देखा गया था। वन्य अधिकारियों का कहना है कि आम लोग भी अब जागरूक हो रहे हैं इस जीव को मारने की बजाए हमें सूचना देते हैं।
सिरसा जिले में पिछले दो साल में अब तक लगभग नौ रेगिस्तान की छिपकली मिल चुकी है। वहीं डबवाली में मॉनिटर लिजर्ड जो पाई गई है, उसे डबवाली के खुशी मोहम्मद कुरैशी ने रेस्क्यू किया है।
जानकारी के अनुसार इस जीव को वन्यजीव अधिनियम 1972 के अनुसार इसे संकटग्रस्त प्रजाति माना गया है। क्योंकि देश भर में अब तक इनकी संख्या बहुत ही कम है और इसी के चलते इनके संरक्षण के लिए वन्य जीव विभाग तथा वन्य जीव संरक्षण संस्थाएं इन्हें बचाने के लिए कार्य कर रही है।
ये संस्थाएं कर रही कार्य
वन्य जीव संरक्षण के लिए डबवाली से वन्य जीव रक्षा संस्था, पर्यावरण संरक्षण को समर्पित सुरक्षा चैरिटेबल ट्रस्ट व इमरजेंसी रिलीफ टीम नेटवर्क के सदस्य वन्य जीव विभाग अधिकारियों के साथ मिलकर पिछले काफी समय से प्रयास कर रहे हैं। जो डीजर्ट लिजर्ड के साथ-साथ तमाम वन्य जीवों के संरक्षण के लिए इन्हें रेस्क्यू कर मानव परिवेश से दूर स्थानों पर छोड़ते हैं।
सिरसा के वन्यजीव अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि देश भर में तीन ही राज्यों में अब तक इस छिपकली को देखा गया है। इसे बचाने में जीव प्रेमियों के सहयोग से बहुत ही सराहनीय काम क्षेत्र में किए जा रहे हैं।
वहीं सिरसा व डाबवाली में इन जीवों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी प्रकार के डाटा को तैयार कर रिपोर्ट विभाग को भेजी गई है।