Sirsa: सरसों का अधिक तौल करने पर हैंडलिंग एजेंट पर लगाया दो लाख 78 हजार का जुर्माना
कालांवाली आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राकेश कुमार बंसल और सुनील कुमार बंसल ने किसानों की भरपाई के लिए 100 रुपये प्रति क्विंटल नुकसान देने का वायदा किया।
विस्तार
सिरसा की मंडी कालांवाली में बीती 13 अप्रैल को हैफेड के हैंडलिंग एजेंट, 71 नंबर फर्म, साहिल कुमार-पवन कुमार की ओर से दो से तीन किलो तक अधिक वजन तौल किए जाने के चलते अब उस पर जुर्माना लगाया गया है। एजेंट की ओर से कुल 5578 क्विंटल सरसों का तौल किया गया था।
जिसके चलते उस पर दो लाख 78 हजार का जुर्माना लगाया गया है। एजेंट की ओर से पीड़ित किसानों को इसकी राशि देनी होगी। आढ़तियों के आश्वासन पर शुक्रवार को किसानों को मंडी में चल रहे धरने को समाप्त कर दिया।
बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि कालांवाली मंडी में सरसों का अधिक तौल कर लोकल किसानों, आढ़ती एसोसिएशन, मार्केट कमेटी और हैफेड के अधिकारियों की तरफ से किसानों के साथ लूट की जा रही थी। उन्होंने बताया कि फर्म के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दी गई थी, लेकिन अभी तक न ही किसी दोषी की गिरफ्तारी हुई है और न ही पीड़ित किसानों को ज्यादा तौली गई सरसों का वजन अधिक मिला था।
उन्होंने बताया कि एजेंट की ओर से जिन किसानों की सरसों का तौल अधिक किया गया है उनकी लिस्ट तैयार की गई है। एजेंट की ओर से कुल 5578 क्विंटल सरसों का तौल किया गया था। जिसके अनुसार अब प्रति क्विंटल 100 रुपये के अनुसार एजेंट की ओर से इसका भुगतान किसान को करना होने का जुर्माना लगाया गया है। कुल दो लाख 68 हजार रुपये की राशि एजेंट की ओर से किसानों को भुगतान करनी होगी।
वहीं कालांवाली आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राकेश कुमार बंसल और सुनील कुमार बंसल ने किसानों की भरपाई के लिए 100 रुपये प्रति क्विंटल नुकसान देने का वायदा किया, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। औलख ने बताया कि जिन किसानों के साथ तौल में ठगी हुई थी, उनकी लिस्ट को सोशल मीडिया के माध्यम से कल तक जारी कर दिया जाएगा। इस मौके पर कुलदीप सिंह सुखचैन, नथा सिंह झोरड़ रोही, बीकेई महासचिव अंग्रेज कोटली, नवदीप स्लारपुर, भिंदा काहलो, सिमरनजीत जलालाना उपस्थित रहे।