सिरसा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने रविवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान मल्लेका, गुडियाखेड़ा, अरनियांवाली, कागदाना, शाहपुरिया में ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि डीएपी की मारामारी के लिए सरकार दोषी है। सरकार के कुप्रबंधन के कारण आज हालात बेहद विकट हैं। उन्होंने चुनाव पर रोशनी डालते हुए कहा कि एक तरफ जनता में गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर भारी रोष है। वहीं दूसरी तरफ आम जनमानस में ये चर्चा है कि इनेलो उम्मीदवार अभय चौटाला ने जबरदस्ती यह चुनाव थोप दिया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि जब से केंद्र के साथ हरियाणा में भाजपा ने सत्ता में कदम रखा है, तब से प्रदेश निरंतर विकास से विनाश की ओर बढ़ रहा है। किसान को बिजाई के लिए डीएपी नहीं मिल रही है। हालात यह बन गए हैं कि थानों में खाद बांटनी पड़ रही है। महिलाओं को घंटों लाइन में खड़े होना पड़ रहा है। सरकार की बड़ी विफलता यह है कि उसने समय रहते खाद का स्टॉक नहीं मंगवाया। किसान को मंडी में धान और बाजरे की एमएसपी पर बेचने के लिए ठोकरें खानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री मंडल के दूसरे सहयोगी जो यह कहते थे कि हम किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदेंगे उनके मुंह पर ताला लग गया है। इस मौके पर विधायक शीशपाल केहरवाला, जगबीर मलिक, सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक उदयभान, ललित नागर, राजेश अंबरसर, सुभाष जोधपुरिया, गोपीराम चाडीवाल, लाधूराम पूनियां मौजूद रहे।