ओढां। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर गांव चोरमार में बस स्टैंड के निकट दो इनोवा गाड़ियों की भिड़ंत में 4 लोग घायल हो गए। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। वहीं सूचना के बाद ओढां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया।
पंजाब के रण सिंह वाला निवासी अमृतपाल सिंह अपने 2 साथियों वनीश कुमार व वरुण के साथ इनोवा से सिरसा जा रहे थे। चोरमार में सरकारी स्कूल के निकट गांव जंडवाला जटान की तरफ से आ रही एक इनोवा जब हाईवे के बीच बने कट के रास्ते से हाईवे पर चढ़ने लगी तो उसकी इनोवा से टक्कर हो गई। इस हादसे में पंजाब से आ रही इनोवा हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई। सूचना पाकर ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस व पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस दुर्घटना में दोनों गाड़ियों में सवार 4 लोग घायल हो गए। जंडवाला जटान की तरफ से आ रही इनोवा को जंडवाला जटान निवासी भागीरथ चला रहा था। हादसे के बाद ओढ़ां पुलिस ने जेसीबी की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटाकर यातायात सुचारु किया। इस दुर्घटना में एक इनोवा में सवार भागीरथ व दूसरी इनोवा में सवार अमृतपाल, वनीश व वरुण घायल हुए हैं। एएसआई रामकुमार गढ़वाल ने बताया कि घायलों के ब्यान दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।