सिरसा। लघु सचिवालय के बाहर धरनारत आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स के पास पहुंची यूनियन की राज्य महासचिव शकुंतला की गाड़ी पार्किंग को लेकर मंगलवार को विवाद हो गया। जिसके विरोध में सभी वर्कर्स व हेल्पर्स ने लघु सचिवालय का घेराव कर विरोध जताया।
मांगों को लेकर पिछले काफी समय से वर्कर्स व हेल्पर्स की ओर से लघु सचिवालय के बाहर धरना चल रहा है। 26 मार्च को कलायत में नागरिक महापंचायत का आयोजन किया जाना है और इसी सिलसिले में यूनियन महासचिव शकुंतला मंगलवार को लघु सचिवालय के बाहर स्थित धरना स्थल पर पहुंची। धरना स्थल के समीप ही स्थित पार्किंग स्थल पर जब वह अपनी गाड़ी खड़ी कर रही थी। इस दौरान ठेकेदार के कारिंदों व महासचिव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते धरने पर बैठी अन्य वर्कर्स व हेल्पर्स भी एकत्रित हो गई और कारिंदों का विरोध करने लगी। वहीं आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स का आरोप था कि उक्त पार्किंग के कारिंदों ने महासचिव व अन्य महिलाओं के साथ दुुर्व्यवहार किया है। जिसके विरोध में दोपहर बाद तभी वर्कर्स व हेल्पर्स ने पार्किंग कारिंदों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लघु सचिवालय का घेराव कर लिया और गेट के बाहर धरना देकर बैठ गई। वहीं मामले की सूचना मिलने पर प्रदर्शनकारियों के समक्ष नायब तहसीलदार हरीश बिजारनिया पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब प्रदर्शनकारी शांत हुए। इस अवसर पर प्रोमिला चौधरी, अंशुईया, वीरोरानी, प्रमजीत कौर, कृष्णा दहिया, रोशनी व प्रेमरानी शामिल रहीं।