सिरसा में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्राले की भिड़ंत: दो महिलाओं सहित चार की मौत व कई घायल, पंजाब हेड की ओर जा रहे थे
सिरसा में गांव मल्लेका के पास दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्राले की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
विस्तार
गांव मल्लेका के पास गुरुवार को सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।, जबकि करीब 30 मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ऑटू हेड से नरमा चुनाई के लिए मजदूरों को लेकर पंजाब हेड की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिरसा की तरफ से आ रहे एक ट्राले की ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 30 मजदूर सवार थे। हादसे में दो महिला मजदूरों सहित चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल हो गए। हादसे के दौरान मल्लेका की ओर से ऐलनाबाद की तरफ आ रहा एक मोटरसाइकिल सवार युवक भी ट्राले की चपेट में आ गया। ट्राला पलटने से युवक उसके नीचे दब गया और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए सिरसा ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे में बाइक सवार चपेट में आया
30 साल का युवक लवप्रीत गांव मल्लेकां में फास्ट फूड की बस स्टैंड पर रेहड़ी लगाता था। वह पांच बहन भाईयों में सबसे बड़ा था। वीरवार को वह अपनी बाइक पर सिरसा आ था। तभी ट्रक और ट्राली का हादसा हो गया। युवक ने बाइक को सड़क किनारे करने का प्रयास किया मगर ट्रक पलटकर युवक की बाइक पर गिर गया। वह ट्रक के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उनका रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं, महिला बलबीर कौर 55 साल, महिला 24 साल और बिटटू गांव ओटू की मौके पर ही मौत हो गई है।
वहीं, दो घायलों को अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया है और एक निजी अस्पताल सिरसा ले जाया गया है। एक अन्य का सिरसा के निजी अस्पताल में पहले ही उपचार चल रहा है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।