सिरसा। एक निजी फाइनेंस कंपनी की ई-मेल आईडी से मैसेज भेजकर लोन दिलाने के बहाने शातिरों ने एक व्यक्ति से 68 हजार रुपये ठग लिए। बार-बार पैसे मांगने पर व्यक्ति को शक हुआ, जिस पर उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस को दिए बयान में शहर के अग्रसेन कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि वह घड़ी मरम्मत का काम करता है। उसके पास एक निजी फाइनेंस कंपनी की एक मेल आई। जिसमें ऑनलाइन लोन देने के लिए लिखा हुआ था। मेल में दिए गए नंबरों पर संपर्क किया तो उससे दस्तावेज मांगे। दस्तावेज देने पर उन्होंने 5500 रुपये प्रोसेसिंग चार्ज मांगा जो उनके खाते में 9 मई को डलवा दिए। फिर उसे 5 लाख रुपये का लोन को लेकर जीएसटी चार्ज के रूप में 25 हजार रुपये मांगे गए। उसके कुछ दिन बाद चार्ज के रूप में 30 हजार रुपये मांगे गए, जो उसने जमा करवा दिए। यही नहीं उसके बाद 7500 रुपये लेट फीस मांगी गयी। इस प्रकार उन्होंने कुल 68 हजार रुपये उससे ले लिए थे। जब बार-बार पैसे की मांग पर ठगी का एहसास हुआ। जब सिरसा स्थित उक्त निजी फाइनेंस के कार्यालय में जाकर पता किया तो कर्मचारियों ने कहा कि उनका इससे कोई लेना देना नहीं है और ठगी करने वाले उनकी कंपनी के कर्मचारी हैं। जिसपर उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद