शहर के प्रधाना, कायस्थान मोहल्ला और जुलाहा चौक पर चार दिन से पानी नहीं आने से परेशान महिलाओं ने वीरवार को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शाम साढ़े छह बजे तक सल्लारा मोहल्ला चौक पर रोड जाम कर दिया। महिलाओं ने किसी भी वाहन को नहीं निकलने दिया। जाम की सूचना मिलने पर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड 17 के पार्षद राजकमल सहगल जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाया। जाम खोलने के दो घंटे बाद साढ़े 8 बजे पानी सप्लाई हो गई।
मनीषा शर्मा ने बताया कि जुलाहा चौक पर पानी का बूस्टर है, जहां से पानी लिफ्ट करके प्रधाना मोहल्ला, कायस्थान मोहल्ला व दूसरे ऊंचाई वाले घरों में पानी की सप्लाई होती है। बूस्टर की मोटर चल गई थी। इस कारण नीचे वाले एरिया में पानी आ रहा था, लेकिन ऊंचाई वाले एरिया में सप्लाई ठप हो गई। जब विभाग के अधिकारियों से कहा तो उन्होंने पुरानी मोटर लगा दी। मोटर फिर जल गई। चार दिन से पानी न आने से महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया। सैंकडों महिलाएं वीरवार को साढ़े तीन बजे सल्लारा मोहल्ला चौक पर पहुंची और रोड जाम कर दिया। माता दरवाजा चौक व पुराना गोहाना अड्डे की तरफ से आने वाले वाहन रुक गए। नजदीक सल्लारा मोहल्ला पुलिस चौकी थी, लेकिन पुलिस कर्मी एक घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। वाहन मालिक गलियों के रास्ते इधर से उधर गुजरे। महिलाओं ने दोपहिया वाहन मालिकों से लेकर नगर निगम के कचरा ढोने वाले ट्रैक्टर तक को नहीं आने दिया। इसके बाद सूचना पाकर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, जनस्वास्थ्य विभाग के जेई मौके पर पहुंचे। बूस्टर की जली मोटर को बदला गया। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोला। महिलाओं ने बताया कि रात को पानी आ गया था। अगर दोबारा परेशानी हुई तो वे सड़क पर आने से परहेज नहीं करेंगी।