रोहतक। गांव बलियाणा में 6 फरवरी को हुए विक्की की हत्या के आरोपियों पूर्व सरपंच राजेश, योगानंद समेत पांच लोगों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उनको पांच दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं आरोपियों के परिजनों सहित ग्रामीणों ने एसपी राहुल शर्मा से मुलाकात कर उनकी गिरफ्तारी का विरोध जताया और पुलिस से सुबूत दिखाने को कहा। इस पर एसपी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। वहीं इसके बाद लोग पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के कार्यालय पर मिलने पहुंचे। वहां ग्रोवर ने लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई होने का आश्वासन दिया।
रविवार को बलियाणा निवासी नरेश कुमार, सेवाराम, रामफल, जयपाल, जगबीर, शीशपाल, सुरेंद्र, रघबीर, प्रेम समेत अन्य ग्रामीण सुबह एसपी निवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजेश, योगानंद, राजा समेत अन्य का इस केस से कोई संबंध नहीं है। वह बेकसूर हैं। पुलिस ने बिना सुबूत के पांचों आरोपियों को पकड़ा है। इसलिए उनसे पूछताछ कर छोड़ा जाए। ग्रामीणों ने बताया कि विक्की की बहुत लोगों से दुश्मनी थी। आसपास के कई गांवों के लोगों से उसके संबंध खराब थे। विक्की और राजेश के बीच चल रहे मामलों में उनका समझौता हो चुका है। इसलिए इन मामलों को दोबारा उठाने से कोई फायदा नहीं है। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। किसी बेकसूर को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। बता दें कि विक्की पंडित की गांव बलियाणा में शनिवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई और पिता रघुबीर सिंह पर भी गोलियां चलाई गई थी। हमले में दिनेश भी घायल हो गया था। मामले में राजेश, पार्षद राहुल, मुकेश, राजा, सुमित, पूर्व सरपंच योगानंद, सोनू, नवीन पार्षद के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए राजेश, योगानंद, राजा, मोहित, फूल कुमारको गिरफ्तार कर लिया था। जिन्हें कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।