UHBVN: रोहतक में घर से बाहर मीटर लगाने के मामले की गई अपील खारिज, इस बात को लेकर पेंच फंसा
बसंतपुर के 63 वर्षीय रामभज सिंह ने घर के बाहर मीटर लगाए जाने के मामले में बिजली निगम के खिलाफ अदालत में अपील की थी। अधिवक्ता गुगन सिंह हुड्डा ने अदालत में दलील पेश करते हुए बगैर रियल टाइम डिस्प्ले घर में लगाए मीटर बाहर लगाने को गलत ठहराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली निगम लोगों के मीटरों को घरों के बाहर नहीं लगा सकता है। ऐसा करने के लिए पहले रियल टाइम डिस्प्ले उपभोक्ता के घर में लगानी होगी। इससे वह मीटर की रीडिंग और अन्य जरूरी जानकारी अपने घर में स्क्रीन पर देख सकते हैं। इस डिस्प्ले के बगैर निगम मीटर घरों के बाहर लगाना नियमों के विरुद्ध है। यह कहना है अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत का। अदालत ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से मीटर घर से बाहर लगने के मामले की गई अपील आठ मई को खारिज कर दी है। इधर, निगम प्रशासन ने इस मामले में ऊपरी अदालत में अपील करने का दावा किया है।
निगम के पास नहीं है मीटर बाहर लगाने पर घर में लगाई जाने वाली रियल टाइम डिसप्ले
बसंतपुर के 63 वर्षीय रामभज सिंह ने घर के बाहर मीटर लगाए जाने के मामले में बिजली निगम के खिलाफ अदालत में अपील की थी। इसके तहत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई और जसिया सब डिविजन के एसडीओ ऑपरेशनल को पार्टी बनाया था। अधिवक्ता गुगन सिंह हुड्डा ने अदालत में दलील पेश करते हुए बगैर रियल टाइम डिस्प्ले घर में लगाए मीटर बाहर लगाने को गलत ठहराया। इस डिस्प्ले की कीमत उपभोक्ता को वहन करनी होती है। डिस्प्ले की जगह सब मीटर लगाना इसके समकक्ष नहीं है।
निगम ने ऊपरी अदालत में अपील की
निगम की ओर से जेई ने भी अदालत में दिए अपने बयान में इस तरह की डिस्प्ले विभाग में नहीं होने की बात कही है। ऐसे में साफ है कि बगैर डिस्प्ले के मीटर घरों के बाहर लगाए जा रहे हैं, जबकि यह गलत है। एसीजेएम मंगलेश कुमार चौबे की अदालत ने दलीलों व सबूतों के आधार पर रामभज के पक्ष में फैसला दिया। इसके खिलाफ निगम ने ऊपरी अदालत में अपील की। इस मामले में आठ मई को सुनवाई करते हुए एडीजे महेश कुमार की अदालत ने यह अपील खारिज कर दी।
प्रतिक्रिया
वर्ष 1991 में बिजली के दाम बढ़ने पर बिल के विरोध में आंदोलन हुआ था। इसकी शुरूआत मेरी अध्यक्षता में बसंतपुर से हुई थी। अब बगैर डिस्प्ले लगाए बिजली मीटर घर से बाहर निकाले जा रहे हैं। इसके लिए निगम संभल जाए। ऐसा नहीं होने पर सर्वखाप बुलाई जाएगी। खाप जनआंदोलन का फैसला भी ले सकती है। -अधिवक्ता गुगन सिंह हुड्डा, पूर्व महासचिव हुड्डा खाप एवं पूर्व प्रधान भाकियू।
जगमग योजना के तहत निगम लोगों के बिजली मीटर घरों से बाहर लगाता है। बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से यह किया जा रहा है, जिन गांवों में शत प्रतिशत मीटर बाहर हो गए हैं, वहां 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। बसंतपुर में भी मीटर बाहर होने के चलते 24 घंटे बिजली सप्लाई की सुविधा है। रियल टाइम डिसप्ले के मामले में जल्द ही ऊपरी अदालत में अपील की जाएगी। -मनिंदर सिंह, एसई, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम।