सोनीपत। शहर के साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान के पास एक छात्र की हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी झगड़े के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान पर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव खुबडू का रहने वाला रजनीश (21) शहर के साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान में एमएससी का छात्र था। वह सोमवार देर शाम शिक्षण संस्थान के पास से गुजर रहा था। बताया गया था कि इसी दौरान कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान रजनीश उनमें बीचबचाव कराने लगा। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिस पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। कुछ युवकों ने छात्र को अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंचे सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी। पुलिस ने परिजनों से बातचीत की, लेकिन परिजनों ने इस बारे में किसी तरह की रंजिश होने से मना कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में बताया गया है कि हमलावर गांव तेवड़ी के रहने वाले थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।