पुलिस ने फटकारी लाठियां, युवाओं ने बरसाए पत्थर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बृहस्पतिवार को जाट आंदोलन उग्र हो गया है। 35 बिरादरी के बैनर तले जाम का विरोध करने उतरे गैर जाट समुदाय और वकीलों के बीच हुई मारपीट के बाद शहर में जगह-जगह जमकर पथराव हुआ। वाहनों को जलाने और मारपीट के बाद पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई। शाम पांच बजे से पुलिस ने बल प्रयोग शुरू किया तो सारा शहर हो-हल्ले से गूंज उठा। दिल्ली बाईपास से लेकर पावर हाउस और जींद बाईपास तक कई जगह पर युवाओं और पुलिस के बीच पथराव, मारपीट और संघर्ष हुआ।
नेकीराम कॉलेज के सामने पुलिस और युवाओं के बीच जमकर झड़प हुई। जाम हटवाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। यहां पुलिस को जमकर पथराव झेलना पड़ा। पुलिस वाहनों के अलावा कई शहरवासियों के वाहन भी इस पथराव में क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों में कुछ हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी बताए जा रहे हैं।
रात नौ बजे तक पुलिस को एक ही मोर्चे पर डटा रहना पड़ा। बताया जा रहा है कि जींद बाईपास पर एक पुलिस अधिकारी को भी घेर लिया गया था। वहां भी जमकर पथराव और भगदड़ हुई।
अशोका चौक पर एक के बाद एक चार बाइक जलाई गईं तो पूरे शहर में हड़कंप मच गया। आईजी ऑफिस में मौजूद पुलिस अब शहर में निकल, लेकिन एमडीयू के गेट नंबर दो के बाहर बैठे युवाओं ने रास्ता रोक लिया। हालांकि बाद में यहां से पुलिस को आगे जाने दिया गया, लेकिन जाट कॉलेज और नेकीराम कॉलेज के गेट के सामने पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। शाम साढ़े पांच बजे नेकीराम कॉलेज के सामने पुलिस की चार बसें, छह जिप्सी, कई पीसीआर और पैदल जवान धीरे धीरे आगे बढ़े।
पुलिस वहां पहुंची और उन्हें धारा 144 लागू होने के कारण जगह खाली करने की बात कही तो युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस पीछे दौड़ी तो कुछ लोग तो वहां तिकोना पार्क की ओर से भाग गए, लेकिन कुछ वहीं डटे रहे। जो लोग पार्क की ओर गए थे जब वे भी वापस आने लगे तो पुलिस ने आंसू गैस छोड़ दी। इससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया और सारा इलाका एक बारगी खाली हो गया।
फिर लौट आए और किया पथराव
आंसू गैस के कारण जाम खुल गया, लेकिन जैसे ही पुलिस मेडिकल मोड़ की ओर बढ़ी तो युवाओं का दल फिर चौक पर पहुंच गया। पुलिस दल अभी अशोका चौक पर पहुंचा ही था कि जाम खुलवाने के लिए वापस नेकीराम कॉलेज आना पड़ा। जैसे ही पुलिस के वाहन वहां पहुंचे तो पथराव शुरू हो गया। यहां एक पुलिसकर्मी के हाथ पर एक ईंट लगी। ऐसे में पुलिस ने भी लाठियां फटकारी और युवाओं को दौड़ा दिया। लेकिन जब तिकोना पार्क की ओर से पत्थर आने लगे तो पुलिसकर्मियों ने भी जवाब में पत्थर फेंकना शुरू कर दिए।
बीच फंसी पुलिस
यहां से पुलिस ने युवाओं को खदेड़ दिया और एमडीयू की ओर बढ़ने लगी। लेकिन जाट कॉलेज के सामने बिजली का एक पोल सड़क पर डालने से पुलिस आगे नहीं बढ़ पाई। ऐसे में डीएसपी अमित दहिया और अन्य पुलिसकर्मियों ने रस्से की मदद से उस पोल को हटाया और रास्ता साफ किया। सेक्टर 14 के सामने धरने पर बैठे युवा इसके बाद भी नहीं हटे। एग्रो मॉल के पास जाकर पुलिस दल रुक गया।
कुछ पुलिसकर्मी पैदल धरना स्थल तक गए और कुछ देर बाद वापस लौट आए। इधर नेकीराम कॉलेज के सामने फिर युवक जमा हो गए और फिर से बैरिकेट्स लगाकर जाम लगा दिया। जाट कॉलेज के सामने भी बैरिकेट्स लगा दिए गए। ऐसे में पुलिस दोनो तरफ से घिर गई। डीएसपी अमित दहिया ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एमडीयू की ओर बढ़ना रोक कर वापस नेकीराम कॉलेज की ओर पलट गए। लेकिन जैसे ही जाट कॉलेज के बैरिकेट्स के पास पुलिस वाहन पहुंचे। अचानक पथराव शुरू हो गया।
पुलिसकर्मियों ने यहां से युवकों को दौड़ा दिया। लेकिन नेकीराम कॉलेज के पास पहुंचते ही पत्थरों की बारिश शुरू हो गई।
कॉलेज के हॉस्टल में घुसे युवक
पुलिस ने युवकों के पथराव के जवाब में पत्थर फेंक कर उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया। साथ ही लाठियां लेकर युवकों के पीछे दौड़े। ऐसे में कुछ युवक नेकीराम कॉलेज परिसर में घुस गए। जब अंदर से हल्ला शुरू हुआ तो पुलिसकर्मी कॉलेज के गेट के ऊपर चढ़ कर परिसर में घुस गए। इसके बाद अंदर आगे-आगे युवक और पीछे-पीछे पुलिस दौड़ शुरू हो गई। युवक हॉस्टल में घुस गए। पुलिसकर्मी भी अंदर घुसे और कई युवकाें को पकड़कर पीट दिया। यहां से करीब दो युवकों को पुलिस अपने साथ भी ले गई।
दो पुलिसकर्मियों को रोका, फिर किया पथराव
हॉस्टल से निकल कर पुलिस दल मेडिकल कॉलेज की ओर बढ़ा ही था कि पीछे से फिर पथराव शुरू हो गया। पुलिसकर्मी फिर दौड़े और युवकों को भगाया। जब पुलिस मेडिकल मोड़ पर पहुंच गई तब पता चला कि दो पुलिसकर्मी वहीं फंस गए हैं। युवकों ने उन्हें रोक लिया हैं। सूत्रों की माने तो उनके साथ मारपीट भी की गई। जब अधिकारियों को इसका पता चला तो वाहन फिर एक बार नेकीराम कॉलेज की ओर मुड़े और युवकों के चंगुल से पुलिसकर्मियों को छुड़ाया।
कई पुलिसकर्मी घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त
पथराव में पुलिस दल की एक बस एक पीसीआर सहित कई वाहनों के शीशे टूट गए। पुलिस के वाहनों की आड़ लेकर निकल रहे राहगीरों के वाहनों पर भी पत्थर बरसे और कई मोटरसाइकिल और एक कार क्षतिग्रस्त हुई। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से दो को अस्पताल भी भेजा गया।
डीआईजी सौरभ पहुंचे मौके पर
पुलिस अपने साथियों को छुड़ाने के बाद युवकों को खदेड़ कर मॉडल टाउन तक ही पहुंची थी कि फिर हंगामे की खबर मिली। पुलिस लौटती तब तब तक डीआईजी सौरभ सिंह भी वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने फिर से युवकों को खदेड़ दिया।
यूं बोले डीआईजी
रोहतक एसपी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे डीआईजी सौरभ सिंह ने मीडियाकर्मियों से यहां बात की। उन्होंने कहा कि कई जगह मार्ग अवरुद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि समझा बूझा कर रास्ते खुलवाए जाएं। कुछ जगह हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। बीएसएफ के अलावा कई जगह से फोर्स आई है। हमने और फोर्स की मांग की है।