मलयेशिया में चल रहे विश्व कप कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की महिला और पुरुष वर्ग की टीम फाइनल में पहुंच गई है। सेमिफाइनल में महिलाओं ने हांगकांग को 71-33 व पुरुषों ने ताइवान को 41-20 के अंतर से हराया। दोनों ही मुकाबले रोमांचक रहे। महिला वर्ग के सेमिफाइनल में भारत ने हांगकांग की टीम को शुरू से ही आक्रामक शैली से उबरने नहीं दिया। टीम की ओर से सुमन, सुषमा, अक्षशिमा, निधि, नवेेदिता ने पहले मध्यांतर में प्रतिद्वंद्वियों को खूब छकाया। मध्यांतर में स्कोर 32-11 पहुंच गया। इसके बाद कोच संजीव कुमार ने खिलाड़ियों की जगह में कुछ फेरबदल किया। इसके चलते भारतीय खिलाड़ियों ने 71-33 के स्कोर से मुकाबला जीता। पुरुष वर्ग के सेमिफाइनल में भारत व ताइवान के बीच मुकाबला हुआ। शुरू के 10 मिनट में मुकाबला बराबरी पर रहा। टाइम आउट के बाद कोच ने रणनीति में बदलाव करते हुए खिलाड़ियों को रक्षात्मक खेलने की सलाह दी। इसके चलते टीम ने 41-20 के स्कोर से मुकाबला जीत कर फाइनल में खेलने की दावेदारी पक्की की। टीम की ओर से विपिन, अमरजीत, सचिन, मनोज, जितेंद्र व विशाल ने शानदार प्रदर्शन किया। खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि शुरू से ही खिलाड़ी प्रतिद्वंद्वियों पर हावी रही। इसके लिए रणनीति के तहत उन्हें मैदान पर उतारा गया। शनिवार को फाइनल मुकाबले होंगे।