{"_id":"65c912325af008b729002eda","slug":"haryana-boxer-sweety-kabaddi-player-deepak-will-join-bjp-2024-02-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: बॉक्सर स्वीटी, कबड्डी खिलाड़ी दीपक आज शुरू करेंगे सियासी पारी, भाजपा में होंगे शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: बॉक्सर स्वीटी, कबड्डी खिलाड़ी दीपक आज शुरू करेंगे सियासी पारी, भाजपा में होंगे शामिल
Mon, 12 Feb 2024 12:00 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 12 Feb 2024 12:00 AM IST
सार
दोनों मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता लेंगे। पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा भी भाजपा में शामिल होंगे।
विज्ञापन
दीपक हुड्डा और स्वीटी बूरा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
रोहतक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को करीब 4 घंटे रोहतक में रहेंगे। वे सनसिटी स्थित भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ बॉक्सर स्वीटी बूरा, उनके पति कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराएंगे। यहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा और उनके समर्थकों को भी पार्टी में शामिल करेंगे।
विज्ञापन
रविवार देर शाम स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा ने वीडियो जारी कर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने का एलान किया। देश के स्टार खिलाड़ी पति-पत्नी सोमवार को अपनी सियासी पारी शुरू कर रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री इन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराएंगे, साथ ही पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामेंगे। इसे लेकर पार्टी कार्यालय में तैयारियां जोरों पर हैं।
विज्ञापन
वीडियो जारी कर बोले- पीएम मोदी की ओर से किए गए कार्यों से प्रभावित हूं
रविवार देर शाम जारी वीडियो में दीपक हुड्डा ने कहा कि वह अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए कार्यों से प्रभावित हूं। इसमें कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देना या खेल क्षेत्र में दी गई सुविधाएं व बजट बढ़ाने के कार्य प्रमुख हैं।
विज्ञापन
भगवा रंग में रंगेंगी स्वीटी बूरा
वर्ल्ड गोल्ड मेडलिस्ट व भीम अवार्डी बॉक्सर स्वीटी बूरा सोमवार को भगवा रंग में रंगने जा रही है। रविवार देर शाम जारी अपने वीडियो में हिसार की बेटी व रोहतक के चमारिया की बहू स्वीटी ने कहा है कि वह खेल के बाद राजनीति जीवन की पारी भी शुरू करने जा रही हैं। इसके लिए सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश हित में किए गए कार्यों से प्रभावित इस खिलाड़ी का कहना है कि दुनिया के नक्शे पर भारत की छवि उभर कर सामने आई है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से यह संभव हुआ है। उनके नेतृत्व में देश सेवा का अवसर मिला तो मैं पीछे नहीं हटूंगी।
हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुबह चंडीगढ़ से रवाना होंगे। वह सुबह 10 बजे राजीव गांधी खेल परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बदा भाजपा के प्रांतीय कार्यालय पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे तक पार्टी कार्यालय में रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के चलते 12 फरवरी को रोहतक में मानवरहित हवाई वाहन (ड्रोन) के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ड्रोन के प्रयोग से सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगने की आशंका बनी रहती है। सुरक्षा के मद्देनजर रोहतक शहर के अधिकार क्षेत्र में मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) का आसमान में घूमने देना खतरनाक साबित हो सकता है। जिला पुलिस अधीक्षक को आदेश के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने को कहा गया है। अगर कोई व्यक्ति इन आदेशों की उल्लंघना में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के प्रावधान के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।