रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार बल्लभगढ़ की निकिता तोमर हत्याकांड की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए अर्जी देगी। साथ ही मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। एसआईटी गहराई से मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह कैनाल रेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि बरोदा उपचुनाव में जात-पात का कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार विकास के मुद्दे पर यह चुनाव लड़ रही हैं। बरोदा में एक दिन में उन्होंने पांच जनसभा की हैं, जिनमें गठबंधन को खासा समर्थन मिला है। सीएम ने दावा किया कि 4 माह के दौरान बरोदा विधानसभा क्षेत्र में 165 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने जो मांग की है, उन सभी पर सरकार ने कार्य किया है। इसके अलावा सरकार ने जो वादे किए हैं, उन पर 11 नवंबर के बाद से कार्य किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद संजय भाटिया, पूर्व परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पटौदी से विधायक सत्यप्रकाश जरावता, दादरी से विधायक सोमवीर सांगवान, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकर अमित आर्य, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, जिला मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला महामंत्री सतीश आहुजा, जिला उपाध्यक्ष देवराज सांपला, डॉ दिनेश घिलोड़, सरदार कुलविंदर सिंह सिक्का, कमल धींगड़ा तथा प्रवीण नारंग भी मौजूद रहे।