शहर के सेक्टर एक के युवक ने एक महिला पर 65 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इस बारे में पीड़ित ने अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि उसके पास करीब एक महीना पहले एक महिला का फोन आया, उसने खुद को अन्य देश से बताकर दोस्ती की। इसके बाद उसने उसे झांसे में लेकर खुद के अकाउंट में 65 हजार रुपये जमा करवा लिए। पुलिस मामले की जांच कर ही है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी राजीव ने दी शिकायत में बताया कि उसके साथ कुछ दिन से एक महिला मित्र बनकर बात कर रही थी। विदेशी महिला फोन पर कहा कि मैं आपसे मिलने आ रही हूं, पहले तो मैं मुंबई आऊंगी, वहां से दिल्ली आपसे मिलने आऊंगी। उसी दौरान उक्त महिला ने दोबारा फोन कर बताया कि अचानक उसके बेटे की तबीयत खराब हो गई है, अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है। अभी 65 हजार रुपये की जरूरत है। इसके बाद राजीव ने उसके बैंक अकाउंट में 65 हजार रुपये जमा करवा दिए। बाद में जब उसने महिला के बेटे की तबीयत पूछने के लिए फोन किया तो उस समय एक व्यक्ति ने बात करनी शुरू कर दी। उसी व्यक्ति ने मुझसे दस लाख रुपये की मांग कर अपना बैंक अकाउंट नंबर भेज दिया। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।