रोहतक: लापता युवक का शव तालाब में मिला, चेहरे पर चोट के निशान, दो युवकों पर हत्या का आरोप
पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का राज नहीं खुल सका। विसरा जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। 20 वर्षीय साहिल के कपड़े तालाब के किनारे मिले। शव अर्धनग्न हालत में था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में सांघी गांव में एक दिन पहले लापता 20 वर्षीय युवक साहिल का मंगलवार सुबह चिड़ी रोड पर तालाब से शव बरामद हुआ। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने उसकी हत्या करके शव तालाब में फेंका है। सदर थाने में गांव निवासी प्रदीप और राकेश उर्फ काला के खिलाफ हत्या, सुबूत मिटाने व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता नहीं चल सका। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सेकेगा कि युवक की हत्या हुई है या डूबने से मौत हुई है।
सांघी गांव निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को करीब 11 बजे गांव के रहने वाले प्रदीप और राकेश उर्फ काला उसके चाचा साहिल को घर से बुलाकर ले गए थे। शाम तक वह घर नहीं लौटे तो चिंता हुई। उन्होंने प्रदीप व काला से चाचा के बारे में पूछा तो उन्होेंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
रातभर वे साहिल को तलाशते रहे। सुबह चिड़ी-सांघी रोड पर गिले वाले तालाब के किनारे उनके कपड़े मिले। उन्होंने तालाब के अंदर घुसकर जांच की तो शव पानी के अंदर मिला। शव को बाहर निकालकर देखा तो मुंह पर दायीं तरफ व कंधे पर चोट के निशान थे। उनको पूरा शक है कि प्रदीप व काला ने मिलकर उसके चाचा साहिल की पहले चोट मारकर हत्या की, फिर शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम, विसरा जांच के लिए भेजा
हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने शव का डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल से पोस्टमार्टम करवाया। मौत के स्पष्ट कारण न होने के कारण विसरा जांच के लिए लैब में भेजा गया है। अब विसरा जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि युवक की हत्या की गई है या डूबने से मौत हुई है।
बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भतीजे के बयान पर गांव के ही युवक प्रदीप और राकेश उर्फ काला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद यह पता नहीं लग सका कि साहिल की मौत की वजह क्या है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। -सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह, प्रभारी, घिलौड़ पुलिस चौकी।