रोहतक। कोरोना संक्रमणकाल में पहली बार बुधवार रिकवरी रेट 90 प्रतिशत पहुंचा है और जिले में 6085 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। एक दिन में 1156 सैंपल में से 69 संक्रमित मिले हैं और अब तक 71 मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 618 रह गई है। इसमें से 10 पीजीआईएमएस में भर्ती हैं और 608 होम आइसोलेट हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 6774 हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग अब तक 141072 सैंपलों की जांच कर चुका है और संक्रमण रेट 4.8 प्रतिशत के हिसाब से चल रहा है। बुधवार जारी बुलेटिन में 501 सैंपल वेटिंग में रहे। जांच रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न स्थानों पर काम करने वाले सरकारी-निजी कर्मचारियों के अलावा गृहणि, बुजुर्ग, दुकानदार, बैंक कर्मचारी, थाना कबूलपुर, पीटीसी सुनारिया, पुलिस लाइन में 11, पीजीआई हॉस्टल का एमडी डॉक्टर, सेक्टर तीन का डॉक्टर, एचडीएफसी बैंक कर्मचारी संक्रमित मिले हैं।