भाजपा छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस बूथ स्तर व 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती जिला स्तर पर मनाएगी। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ वीरवार को रोहतक पहुंचे और जिला अध्यक्षों व विस्तारकों के साथ बैठक की। धनखड़ ने कहा कि कार्यक्रमों में सांसद, मंत्री, विधायक व दूसरे जनप्रतिनिधि और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
धनखड़ ने कहा कि पार्टी स्थापना दिवस पर सभी बूथों पर बूथ अध्यक्ष व पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता द्वारा अपने-अपने घरों पर पार्टी का नया झंडा लगाएंगे, बूथ पर गोष्ठी करके लोगों को पार्टी का इतिहास बताएंगे। साथ ही विकास कार्यों व वर्तमान मुद्दों पर चर्चा करें। इसके अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दें। वहीं, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने कहा कि ये दोनों कार्यक्रम पार्टी राष्ट्रीय पर आयोजित कर रही है। ऐसे में प्रदेश भाजपा इकाई भी गंभीरता से पार्टी का स्थापना दिवस व आंबेडकर जयंती मनाएगी। पार्टी के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट शमशेर सिंह खरक ने बताया कि इन आयोजनों में सभी जनप्रतिनिधि मंत्री, विधायक, जिला परिषद, खंड समिति प्रधान एवं सदस्य, सरपंच, वार्ड पार्षद विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेंगे।