कोसली। नागरिक अस्पताल कोसली और सीएचसी नाहड़ में विभागीय शेड्यूल अनुसार टीकाकरण तथा सैंपलिंग का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। कोसली के एसएमओ डॉ. चितरंजन ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों डॉ. जयपाल, चंचल, मोनू तथा सरला की टीम ने 40 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके की पहली तथा दूसरी डोज लगाई गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीककारण बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से बचाव की दिशा में टीका निशुल्क लगाए जा रहे हैं। बारी आने पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
डॉ. चितरंजन ने बताया कि अचानक तेज बुखार का होना, तेज सिरदर्द होना, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना, आंखों के नीचे दर्द होना आदि डेंगू के लक्षण हैं। इसी प्रकार जोड़ों में दर्द व सूजन होना, कंपकंपी व ठंड के साथ बुखार व सिरदर्द होना आदि चिगनगुनिया के लक्षणों में शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर नाहड़ सीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा 41 लोगों को कोरोनारोधी टीके की पहली तथा दूसरी डोज दी गई। उन्होंने बताया कि सीएचसी नाहड़ में 50 लोगों के आरटीपीसीआर टेस्ट भी किए गए। उन्होंने कहा कि लक्षण प्रतीत होने पर नागरिक तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी जांच कराएं। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर रविवार को नाहड़ सीएचसी के तहत आने वाले गांव टूमना, लिलोढ़, लूला अहीर ( कृष्ण नगर) और नाहड़ गांव में टीकाकारण कैंपों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कोरोना की रोकथाम को लेकर पहली और दूसरी डोज लगवाकर कैंप का लाभ उठायें। डॉ. राजीव ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। टीकाकरण तथा सैंपलिंग में उनका सहयोग करें।