फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   school upgrade up to eight, girls of nine and tenth study in private school

स्कूल आठवीं तक होगा अपग्रेड, निजी में पढे़ंगी नौवीं और दसवीं की छात्राएं

Fri, 06 May 2016 12:47 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला
ब्यूरो /अमर उजाला Updated Fri, 06 May 2016 12:47 AM IST
विज्ञापन
school upgrade up to eight, girls of nine and tenth study in private school
आठवीं की कक्षाएं गांव में लगेंगी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
छेड़छाड़ और नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार के बाद सूमा और कतोपुरी के ग्रामीणों द्वारा अपने बच्चों को लाला गांव के स्कूल नहीं भेजने पर सरकार ने सूमा गांव के प्राइमरी स्कूल को आठवीं तक अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। चंडीगढ़ में मंत्रियों की बैठक में फैसला लिया गया है कि आठवीं की कक्षाएं इसी सत्र से गांव में लगेंगी।
विज्ञापन


अगले सत्र से नवीं की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। फिलहाल नौवीं और दसवीं की छात्राएं गांव सूमा के एक निजी स्कूल में पढ़ेंगी, इसका खर्चा सरकार वहन करेगी। सीएम का कहना है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।
विज्ञापन


वीरवार को कोसली विधायक एवं सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह ने सूमा के ग्रामीणों और इलाके के प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ बुलाया था। वहां ग्रामीणों ने सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उनके सामने पूरा मामला रखा। इस पर सीएम ने शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा से मामले में बातचीत करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह ने बताया कि अब सूमा और कतोपुरी के बच्चों को लाला गांव में पढ़ने नहीं जाना पड़ेगा। सूमा के पांचवीं तक के स्कूल को आठवीं तक अपग्रेड किया जाएगा, जबकि नौवीं और दसवीं की छात्राएं सूमा के निजी स्कूल में लगेंगी इसका खर्चा सरकार देगी।  

वहीं वीरवार को गांव में बस लेकर पहुंचे तहसीलदार को ग्रामीणों ने बैरंग वापस भेज दिया। इधर, मुद्दा सुर्खियों में आने के बाद अब सत्तारूढ़ विधायक, पूर्व विधायक और विपक्ष सभी अचानक एक्टिव मोड़ पर आ गए हैं। एबीवीपी के छात्र संगठन की राष्ट्रीय छात्रा प्रमुख ममता यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप यादव और केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रांत संयोजक व विभाग सह प्रमुख मनीष गुप्ता ने भी वीरवार को दोनों गांवों में अभिभावकों से बातचीत की। वहीं डीईओ भी खुद स्कूल अपग्रेडेशन के लिए फाइल लेकर चंडीगढ़ में जमे थे।

 इससे पहले नाबालिग छात्रा से 18 अप्रैल को दुराचार और सूमा-कतोपुरी के ग्रामीणों द्वारा लाला गांव में किसी भी बच्चे को पढ़ने के लिए नहीं भेजने के फैसले के परिणामस्वरूप प्रशासन हरकत में था। मामले में बुधवार को डीसी और एसपी समेत प्रशासनिक अमला गांव में डटा हुआ था। दो गांवों की पंचायत में जहां ग्रामीणों ने गांव के सरकारी स्कूल में ही कक्षाएं शुरू करवाई, वहीं डीसी और एसपी ग्रामीणों को शाम तक मनाते रहे लेकिन कोई समाधान नहंी निकला। प्रशासन ने बच्चों के लिए रोडवेज बस,  महिला पुलिस कर्मचारी, राइडर और अन्य सुरक्षा देने की बात रही थी, जबकि ग्रामीण गांव के स्कूल को अपग्रेड करने की मांग पर अड़े थे।

मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
दूसरी तरफ हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने भी मामले में संज्ञान लेकर डीसी को तलब कर 27 मई को विस्तृत रिपोर्ट के साथ बुलाया है। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस विजेंद्र जैन ने विभिन्न समाचार पत्रों में उक्त प्रकरण के बारे में छपी खबरों को आधार बनाते हुए रेवाड़ी जिले के उपायुक्त से जानना चाहा है कि अब तक जिला प्रशासन ने इस मामले में क्या सुनवाई की है। आयोग की ओर से जारी नोटिस में मीडिया की खबरों का जिक्र किया गया है। लिखा गया है कि कोसली के गांव सूमा खेड़ा व कतोपुरी गांव की 82 छात्राओं समेत कुल 134 लड़कियां निकटवर्ती लाला गांव में पढ़ने जाती हैं। लाला गांव के कुछ असामाजिक तत्व छात्राओं को स्कूल आते-जाते समय छेड़ते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं। इस बारे में दोनों गांवों के लोगों का कहना है कि प्रशासन उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दे रहा है।जस्टिस विजेंद्र जैन ने छात्राओं के साथ इस दुर्व्यवहार की घटना को गंभीरता से लेते हुए रेवाड़ी के उपायुक्त से पूरे मामले की जांच व तथ्यपरक रिपोर्ट कैंप कोर्ट हरियाणा भवन नई दिल्ली में पेश करने के निदेश जारी किए हैं। जस्टिस विजेंद्र जैन ने कहा है कि यह अत्यंत गंभीर मामला है। देश में एक ओर तो बेटियों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं को स्कूल जाने से रोकने और उन्हें परेशान करने का मामला सामने आ रहा है।

शिक्षा मंत्री बोले स्कूल तत्काल अपग्रेड होगा
मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि रेवाड़ी के गांव सूमो के विद्यालय को आठवीं कक्षा तक अपग्रेड किया जाएगा। शिक्षा विभाग के निर्धारित नियमों के अनुसार नौंवी कक्षा में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों की संख्या पूरी होने पर इस स्कूल को दसवीं कक्षा तक अपग्रेड कर दिया जाएगा। इसके अलावा, यदि गांव वाले चाहें तो नौंवी व दसवीं कक्षा की छात्राओं को नजदीक के प्राइवेट स्कूल में दाखिला करवा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों गांवों की पंचायत की मांग के अनुरूप मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से उक्त विद्यालय को आठवीं कक्षा तक अपग्रेड कर दिया है।  

न तहसीलदार की सुनीं और न महिला पुलिसकर्मियों की
वीरवार सुबह तहसीलदार नौरंगराय एक बार फिर ग्रामीणों को मनाने के लिए बस लेकर गांव पहुंचे। पुलिस की गश्ती गाड़ी भी महिला पुलिसकर्मियों समेत मौजूद रही। वहीं स्कूल अपग्रेड करवाने की अपनी मांग पर अड़े ग्रामीणों ने उन्हें बैरंग भेज दिया। वहीं गांव सुमाखेड़ी और कतोपरी में महिला पुलिसकर्मी भी घरों पर दस्तक देकर अभिभावकों को सुरक्षा के लिए भरोसे देती दिखीं। लेकिन प्रशासन के सभी प्रयास विफल रहे।

एक पखवाड़े के बाद एक्टिव मूड में दिखे खादीधारी
दुष्कर्म की वारदात 18 अप्रैल को हुई। इसके बाद से ही सूमा और कतोपुरी के ग्रामीणों ने बेटियों को लाला गांव या दूसरी किसी जगह स्कूल भेजने से साफ इंकार कर दिया था। ग्रामीण स्कूल अपग्रेडेशन की मांग को लेकर सहकारिता राज्यमंत्री से भी मिले और प्रशासन से भी। तब से 4 मई तक सभी खादीधारी चुप रहे। मामला चर्चा में आया तो अब रेवाड़ी विधायक ने जहां सीएम को पत्र लिखकर वरिष्ठ कन्या विद्यालय खोलने की मांग की है। वहीं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव ने गांव सूमाखेड़ी के पैतृक गांव होने का हवाला देकर हालात पर चिंता जताई और मामले पर सीएम से बात कर स्कूल अपग्रेड करने की मांग की है।

चंडीगढ़ में अपग्रेडेशन की फाइल के साथ डीईओ
मामले को तूल पकड़ता देख जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्दोडिया वीरवार सुबह ही स्कूल अपग्रेडेशन की फाइल लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गये। इससे पहले उन्होंने 25 अप्रैल को स्कूल अपग्रेड करने के दस्तावेज चंडीगढ़ भेजे थे।

स्कूल अपग्रेड करने के पक्ष में दो गांव और आए
गांव सूमा और कतोपुरी के साथ अब गांव गोपालपुर गाजी और अहमदपुर पड़तल भी समर्थन में आ गए हैं। इन गांवों के सरपंचों ने भी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव को प्रस्ताव पास कर शिक्षा मंत्री को देने के लिए पत्र लिख दिया है। वीर कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा से स्कूल अपग्रेड करने की बात कही थी। वीरवार को उनका फोन आया कि यदि बच्चे हों तो स्कूल अपग्रेड हो सकता है। इसके बाद उन्होंने आसपास के गांवों के सरपंचों से बातचीत की तो उक्त दोनों गांवों के सरपंचों ने प्रस्ताव पास कर दिया है कि वे भी सूमा में स्कूल अपग्रेड कराने के पक्ष में है।


बेटी बचाने के नाटकों को दिखा रचाया जा रहा ढों
सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर पानी कि तरह से पैसा बहा रही है। जगह-जगह रैलियां निकाली जा रही हैं, तो कहीं नुक्कड़ नाटकों के जरिये लोगों को जागरूक करने का ढ़ोंग रचा जा रहा है। जबकि सच्चाई इससे उलट है। - बिमला देवी, स्थानीय नागरिक
-------
15 दिन बीत जाने के बाद भी सभी आरोपी इतना दबाव होने के बावजूद भी गिरफ्तार तक नहीं हो पाए हैं। बावजूद इसके जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक गांव में आकर सुरक्षा देने की बात कर रहे हैं। - सुनीता देवी, स्थानीय महिला
--------
आरोपियों की गिरफ्तारी के जारी हैं प्रयास
बच्चों को स्कूल से घर तक भेजने के लिए पीसीआर लगाई गई है। बावजूद इसके ग्रामीण नहीं मान रहे हैं। शेष आरोपियों की भी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। - जयमल, थाना इंचार्ज, जाटूसाना
---------
कड़ी मेहनत कर दिखाएंगे अच्छा परिणाम
गांव में लगाए गये शिक्षकों ने कहा कि कड़ी मेहनत के बल पर गांव में बेहतर परिणाम लाएंगे। दिन-रात मेहनत कर दिखा देंगे कि सूमा और कतोपुरी के बच्चे भी टॉपर बन सकते हैं।
---------
गांव के लोगों ने प्राइमरी स्कूल के कमरों की सफाई कर स्कूल में बच्चों की क्लास लगवानी शुरू कर दी हैं। स्कूल को अपग्रेड करवाने का प्रयास जारी है। प्रशासन लाख कोशिश करे लेकिन अब बच्चों को पढने के लिए लाला गांव के स्कूल में नहीं भेजा जाएगा।

-उर्मिला देवी, सरपंच, गांव सूमाखेड़ी

कोट
कोसली स्कूल विवाद जल्द सुलझा लिया जाएगा: सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोसली स्कूल विवाद मामले में कहा कि यह दो गांवों का विवाद है, जिसे जल्दी सुलझा लिया जाएगा।

कोट
स्कूल अप्रग्रेडेशन की फाइल के साथ डीईओ को चंडीगढ़ निदेशालय भेजा गया है। स्कूल अपग्रेड करने की सिफारिश पहले ही की जा चुकी है। बच्चों को दूसरी जगह स्कूल तक ले जाने के लिए बस भी लगा दी है। पूरी सुरक्षा का भी भरोसा ग्रामीणों को दिया गया है। मानवाधिकार आयोग का नोटिस अभी नहीं मिला है।
डॉ यश गर्ग, उपायुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed