रेवाड़ी। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की कवायद में जुटे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अगुवाई में स्मार्ट शहर इंदौर पहुंचे दल ने वहां के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही कचरे से सीएनजी बनाने वाले प्लांट का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था तथा स्वच्छ बनाने संबंधी विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव भी लिए।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि यहां अलग-अलग विषयों को लेकर बनाई गई टीमों ने वहां की सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज निकासी प्रणाली व सीवरेज पानी के ट्रीटमेंट, वायु प्रदूषण नियंत्रण तथा पानी के संरक्षण आदि से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा की। विधायक ने इंदौर के अधिकारियों से इस बात को लेकर भी चर्चा करते हुए कहा कि रेवाड़ी में इन व्यवस्थाओं को किस प्रकार लागू किया जाए तथा इसमें आने वाली परेशानियों को भी किस प्रकार समाधान निकाला जाए। विधायक ने कहा कि इंदौर में अपनाए जाने वाली कार्यप्रणाली तथा योजनाओं को रेवाड़ी में भी लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। यदि हम इस प्रयास में सफल हुए तो रेवाड़ी भी जल्द ही स्मार्ट शहरों में शुमार हो जाएगा। कचरे से सीएनजी बनाए जाने वाले प्लांट को भी रेवाड़ी में स्थापित कराने का उनका प्रयास रहेगा। इससे शहर की गंदगी समाप्त हो जाएगी। इससे पूर्व इंदौर पहुंचने पर विधायक व उनकी टीम का स्मार्ट सिटी पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वागत किया तथा विधायक को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मान किया।