बेची हुई भैंस के रुपये लेकर घर लौट रहे दो युवकों से कार में सवार होकर आए बदमाशों ने मारपीट करते हुए 45 हजार की नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में घायल दोनों युवकों को उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मांढैया खुर्द निवासी विकास उर्फ चिकू ने बताया कि उन्होंने गांव किशनगढ़ बालावास में पोल्ट्री फार्म किराये पर लिए हुए हैं। गांव सीहा में अपनी भैंस बेची थी, बेची हुई भैंस के पैसे लेने के लिए अपने दोस्त बादल उर्फ धोला के साथ सीहा गए थे। 45 हजार रुपये लेकर वह दोनों मोटरसाइकिल से वापस किशनगढ़ आ रहे थे। सीहा के निकट कुछ युवकों ने उनके आगे अपनी कार लगा दी। वह साइड से निकल कर आगे बढ़ने लगे तो युवकों ने चलती मोटरसाइकिल पर डंडे मारने शुरू कर दिए। युवकों ने उन्हें रोक कर डंडों व रॉड़ से हमला कर दिया और 45 हजार रुपये छीन लिए। मारपीट में उन्हें चोट लग गई तथा आरोपी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को सूचना दी। दोनों को डॉक्टरों ने पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डहीना चौकी पुलिस ने विकास की शिकायत पर अरूण, धर्मेंद्र, नितिन, बाबू व अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट व लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बाबू को बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।