फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   Grievances kept getting complicated for resolution in the meeting of the Grievance Redressal Committee

कष्ट निवारण समिति की बैठक में समाधान के लिए उलझती शिकायतें

Mon, 28 Feb 2022 11:08 PM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Mon, 28 Feb 2022 11:08 PM IST
विज्ञापन
Grievances kept getting complicated for resolution in the meeting of the Grievance Redressal Committee
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण बैठक में जन शिकायतें सुनते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्? - फोटो : Rewari
बालभवन सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव की अध्यक्षता वाली जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में समाधान के लिए आई शिकायतें मंच के सामने उलझती दिखीं। निर्धारित कार्य एजेंडे में शामिल शिकायतों के साथ पूरक सूची जोड़ी हुई थी। इनकी सुनवाई के बाद भी मंच के सामने शिकायतकर्ताओं की कतार लगी रही। करीब 17 मिनट तक मंत्री ओमप्रकाश जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को निर्देश देते रहे मगर जब कतार खत्म नहीं हुई तब एक कर्मचारी के माध्यम से बाकी शिकायतों को इकट्ठा कराया गया। उसके बाद मंत्री बैठक समाप्त करके सभागार से बाहर चले गए।
विज्ञापन

बड़ी बात यह है कि मंत्री का संबोधन भी कुछ सेंकेंड में पूरा हो गया। बैठक में समिति के सामने पेश परिवादों के निपटान की प्रक्रिया भी अजब गजब रही। उधर बैठक के दौरान मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि समिति की बैठक में परिवादों को इसलिए रखा जाता है कि शिकायतकर्ता को जल्द लाभ मिले और सरकार भी यही चाहती है। अधिकारी पूरी तन्मयता के साथ जन शिकायतों का हल करें।
विज्ञापन

बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी हरिप्रकाश बंसल की कार्यशैली से फरियादी काफी नाखुश नजर आए और उनका मंच पर आने जाने का क्रम कई बार चला। पंचायत विभाग के अलावा जिला नगर आयोजना विभाग, हुडा शहरी संपदा अधिकारी की कार्यशैली पर भी कई फरियादों में सवाल उठे। एक शिकायत में डॉ. गजेंद्र ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनको जमीन का कब्जा दिलाने की गुहार लगाई। प्रशासक की ओर से दौरा करने के बावजूद उक्त फरियादी मंत्री के सामने अपना दर्द बयान करता दिखा। एक मामले में पूर्व सरपंच पर आठ लाख रुपये के गबन को लेकर एफआईआर दर्ज कराने की बात हुए डीडीपीओ ने कहा कि दूसरी एफआईआर जल्द दर्ज करा दी जाएगी। वहीं शहर की एक मंदिर कमेटी के मामले में एक हफ्ते के अंदर कब्जा दे दिए जाने का अधिकारियों ने आश्वासन दिया। पार्षद अमित यादव ने शिक्षा विभाग को लपेटे में लेते हुए सूमाखेड़ा के स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू कराने का मसला उठाया जिसके जवाब में जिला शिक्षा अधिकारी नसीब सिंह ने कहा कि निदेशालय स्तर पर यह फैसला होना है। बंगडवा निवासी महेंद्र सिंह की शिकायत पर अवैध कब्जे के मामले में पंचायत विभाग की कार्यशैली पर काफी हंगामा हुआ। मंत्री ने पांच दिन में इस मामले को हल करने के निर्देश दिए। जिला परिषद के सीईओ रविंद्र यादव की देखरेख में बीडीपीओ डहीना, तहसीलदार की टीम इस मामले में जरूरी कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर एक गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल की शिकायत भी दोनों पक्षों की तकरार की वजह से निपटने की बजाए उलझती दिखाई दी। इस मामले में पंचायत विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए। भक्तिनगर निवासी जयभगवान फौगाट ने आजाद हिंद फौज के गुमनाम शहीदों को उनकी समुचित पहचान दिलाने के लिए रेवाड़ी प्रशासन के अलावा सरकार के आला अधिकारियों के पास ऐसे शहीदों, जिनकी उन्होंने राष्ट्रीय अभिलेखागार विभाग से मिले रिकॉर्ड के अनुसार पहचान सुनिश्चित की है उन शहीदों के परिजनों तक प्रमाणित जानकारी नहीं पहुंचाए जाने की बात इस बैठक में कही गई। जिला रेवाड़ी के ऐसे 14 गुमनाम शहीदों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है। फौगाट ने मंत्री ओमप्रकाश से आग्रह किया कि वे राज्य स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समिति का गठन कराएं। एक अन्य मामले में अनीता देवी हरजीपुर की ओर से वन मंडल अधिकारी और कार्यकारी अभियंता को शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। सुंदर निवासी गुर्जर माजरी की शिकायत पर बीडीपीओ बावल ने कहा कि पूर्व सरपंच ने शिकायतकर्ता के खेत में नाली और पानी की टंकी बना दी। इस पर 1 लाख 61 हजार रुपये खर्च वसूलने के लिए पूर्व सरपंच पर विभाग एफआईआर दर्ज करा रहा है। तहसीलदार से जांच कराई गई है। 15 दिनों में नाली और टंकी हटवा दी जाएगी। एक मोहल्ले की पुष्पा ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी 27 मार्च 2021 से गायब है उसका कुछ अता पता नहीं। इस पर डीएसपी मोहम्मद जमाल ने मंत्री को बताया कि इस मामले में केस दर्ज है। दो आरोपियों को काबू कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस गुजरात तक गई मगर वह नहीं मिल पाया। हमने एक स्पेशल टीम गठित करने का निर्णय लिया है। गायब लड़की को जल्द बरामद कराने के प्रयास जारी हैं। सूरजभान निवासी चांदावास ने डीसी यशेंद्र सिंह का आभार जताते हुए एक शिकायत को लेकर कहा कि सेक्टर 4 में 72एम उसका प्लॉट है जिसका कब्जा लेने में उनको 7 साल का समय लग गया। अधिकारियों को मेरे जैसे 80 साल के बुजुर्ग के प्रति भी दया नहीं आई। सरकार अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होने के आदेश दें। स्वास्थ्य विभाग से संबंधी एक प्रमाण पत्र के फर्जी निकलने पर डिप्टी सीएमओ की ओर से जवाब दिया गया कि सही प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। बैठक में मंत्री ने परिवादी सत्यपाल की शिकायत को सुनते हुए एसडीएम रेवाड़ी को इस मामले में निर्देश दिए कि 31 मार्च तक जांच पूरी करके मामले की रिपोर्ट उन्हें सौंपे। प्रधान श्रीनीलकंठ महादेव जीएचएस सेक्टर 10 से संबंधित परिवाद की सुनवाई पर हुडा के संपदा अधिकारी ने कहा कि सोसायटी को जल्द पॉजिशन दे दी जाएगी।

बैठक के बाद सभागार के बाहर मंत्री ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि सरकार कैंसर पीड़ित लोगों को पेंशन दे रही है जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग सर्वे करते हुए आगामी कार्रवाई कर रहा है। डीसी यशेंद्र सिंह ने मंत्री को आश्वासन कि इस बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पालन होगा। बैठक में कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, वीर कुमार यादव, चेयरपर्सन पूनम यादव, राज पारिक, रामपाल यादव, आरके जांगड़ा अन्य पदाधिकारी व समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य सहित जिला प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एडीसी जयदीप कुमार, जिला नगर आयुक्त भारत भूषण गोगिया, सीईओ जिला परिषद रविन्द्र यादव, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम रेवाड़ी सिदार्थ दहिया, एसडीएम कोसली होशियार सिंह व सीटीएम देवेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed