रेवाड़ी: सीएम सैनी ने 411 प्रतिभाओं को किया सम्मानित; मेघवाल उत्थान समिति की मांगे मानी, 31 लाख देने की घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 411 युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को मंच मिलता है तो वे अपना प्रभाव अवश्य दिखाती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समारोह में मेघवाल उत्थान समिति के प्रधान वेद प्रकाश और महासचिव भूपेंद्र मेघवाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। रजवंत डहीनवाल ने मांगपत्र पढ़ा। मुख्यमंत्री ने मेघवाल उत्थान समिति की सभी 10 मांगों को स्वीकार करते हुए कहा कि इन्हें आवश्यक स्वीकृति के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पंचायत में पुस्तकालय स्थापित करना है। प्रदेश में अब तक करीब 1 हजार पुस्तकालय खोले जा चुके हैं। जल्द ही सभी गांवों तक इस योजना का विस्तार किया जाएगा, ताकि बच्चों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूर न जाना पड़े।
उन्होंने इस अवसर पर मेघवाल उत्थान समिति को 31 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल मौजूद रहे।विकास से अहीरवाल की तस्वीर बदली : राव नरबीर सिंह
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास से अहीरवाल क्षेत्र की तस्वीर बदली है। पहले विकास और रोजगार कुछ क्षेत्रों तक सीमित रहने की शिकायतें थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ पूरे प्रदेश में समान विकास को गति दी है। उन्होंने कहा कि आज अहीरवाल क्षेत्र में सड़क, रोजगार और अन्य विकास कार्यों में व्यापक बदलाव दिखाई दे रहा है।
बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ा रही सरकार : डॉ. कृष्ण कुमार
बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने शिक्षा, संगठन और आत्मसम्मान को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए संविधान के माध्यम से देश को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के महान आदर्श दिए। संत शिरोमणि गुरु रविदास और संत कबीर ने भी समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर भाईचारे और समरसता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार और बाबा साहेब के समानता के सिद्धांत का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान और सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना था। सरकार बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ा रही है।आयोजनों से समाज को मिलती है नई दिशा : पूर्व मंत्री
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने मेघवाल उत्थान समिति द्वारा आयोजित समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना उन्हें प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को शिक्षा, परिश्रम और सफलता के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा समाज को आगे बढ़ने की नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।