खोल। रेवाड़ी-नारनौल रोड स्थित गांव पाली के रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर पिछले 50 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे ग्रामीणों से वीरवार को केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि मैं आपका वकील हूं, मांग को लेकर सरकार के समक्ष जमकर पैरवी करूंगा। धरने की अध्यक्षता ओमप्रकाश यादव ने की।
बता दें कि पाली बस स्टैंड पर अंडरपास की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण व किसान धरने पर बैठे हैं। वीरवार दोपहर अचानक राव इंद्रजीत सिंह जब उनके बीच पहुंचे तो ग्रामीणों को अपनी मांग को लेकर उम्मीद जगी। ग्रामीणों ने राव को बताया कि पाली रेलवे फाटक पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। जिसका ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं है। यहां अंडरपास बनाए जाने की सख्त जरूरत है। यदि ओवरब्रिज के साथ अंडरपास नहीं बनाया गया तो आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों, महिलाओं व विद्यार्थियों को लंबा सफर तय करके गंतव्य को जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पाली गांव में महिला महाविद्यालय व बैंक आदि हैं। जिनसे ग्रामीणों का सीधा संबंध हैं। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद राव ने कहा कि केंद्र सरकार से अंडरपास हेतु बजट दिलाना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें राज्य सरकार का भी योगदान होता है। इस मौके पर महावीर सिंह बोहरा, धर्मबीर नंबरदार, सत्यनारायण नंबरदार, मा. दयाराम, संदीप सिंह, अशोक कुमार, नरेश कुमार, राजाराम, विजय सिंह, पंच ओमप्रकाश व रामपाल, पूर्व पार्षद बिल्लू, सुमित्रा, अशरफी, बिमला, सावित्री, रामकला, चंद्रावली, बिमला आदि मौजूद रहे।