पानीपत। बलजीत नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मित्र शाखा में 14 जून को 40 हजार रुपये की डकैती की थी। पहले यह डकैती चार लाख रुपये की बताई गई थी। इस डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले सोनीपत और पानीपत के सभी छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने तीन दिन के रिमांड के दौरान इनसे लूटी गई 40 हजार रुपये की राशि में से 25 हजार रुपये, एक पिस्तौल, दो कार, एक मोटरसाइल, चार सुएं व एक गोली बरामद कर ली है।
आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इन आरोपियों को देसी पिस्तौल व गोलियां उपलब्ध कराने वाले आरोपी को लोहारू से गिरफ्तार कर चुकी है। सीआईए थ्री प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि 14 जून को बलजीत नगर में पंजाब नेशनल बैंक की मित्र शाखा में चार नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर चार लाख रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी एक मोटरसाइकिल को छोड़कर फरार हो गए थे। इन्होंने एक मोटरसाइकिल रास्ते से लूटी थी। उनकी टीम ने रविवार दोपहर बाद सोनीपत के जुआ गांव से प्रशांत निवासी पुरखास गांव सोनीपत, अजय निवासी कारद गांव हाल निवासी शेखपुरा गांव, साहिल निवासी पुगथला सोनीपत, सोनीपत व प्रिंस निवासी जुआ गांव सोनीपत, मोहित निवासी कुंडली, सोनीपत व केशव निवासी धूप सिंह नगर पानीपत को गिरफ्तार किया था। इन्होंने डकैती की वारदात में कबूलनामा किया था। इसने हथियार, कार व राशि बरामद कर इन्हें जेल भेज दिया गया है।