पानीपत। सीआईए-3 की टीम ने शहर में चोरी करने वाले गिरोह के दो अन्य गुर्गें व चोरी का सामान खरीदने के आरोपी कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, 68.50 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान बरामद किया।
सीआईए-3 प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि 26 मई को शहर में चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपी चकिया परसोनी जिला मोतिहारी बिहार निवासी रवि उर्फ दानेदार व चुलकाना गांव निवासी शिवा उर्फ रसगुल्ला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों गिरोह के फरार अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर चोरी की 22 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था। पुलिस ने 27 मई को आरोपियों को अदालत में पेश कर आठ दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें उनके दो अन्य सदस्य बिहार के किशनगंज जिले के बिसानी निवासी मुख्तयार और पंजाबी मोहल्ला सफीदों के वार्ड नंबर 22 किशनपुरा निवासी राहुल उर्फ बच्ची के नाम सामने सामने आए थे। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे हुई पूछताछ में पता चला कि वह चोरी का माल कुटानी रोड पर कबाड़ी जावेद को बेचते थे। जावेद भी मूल रूप से बिहार के किशनगंज का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, 68.50 हजार रुपये की नकदी बरामद की। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।